बीएसपी ठेका श्रमिकों को मिलेगी राहत: बोरिया गेट पर बनेगा शेड, बीएसपी वर्कर्स यूनियन की पहल लाई रंग
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के बोरिया गेट, मेन गेट और खुर्सीपार गेट से प्रतिदिन प्लांट के भीतर प्रवेश करने वाले हजारों ठेका श्रमिकों पीआरडब्ल्यू (PRW) श्रमिकों को जल्द ही राहत मिलने वाली है।
- लंबे समय से धूप, बारिश और खराब मौसम के बीच घंटों लिफ्ट का इंतजार करने को मजबूर इन श्रमिकों के लिए अब बस स्टैंड की तर्ज पर शेड बनाए जाएंगे।
- इस पहल के पीछे बीएसपी वर्कर्स यूनियन (BWU) द्वारा लगातार उठाई गई मांग और प्रबंधन के साथ हुई सकारात्मक चर्चाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
ठेका श्रमिकों की वर्षों पुरानी समस्या को यूनियन ने बनाया प्रमुख मुद्दा
👉बीएसपी के बोरिया गेट, मेन गेट और खुर्सीपार गेट से प्लांट में प्रवेश करने के बाद ठेका श्रमिकों पीआरडब्ल्यू कर्मचारियों को अपने-अपने विभागों तक पहुंचने के लिए अन्य कर्मचारियों से लिफ्ट मिलने का इंतजार करना पड़ता है। कई विभाग प्लांट के भीतर 5 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।
👉चूंकि ठेका श्रमिक पीआरडब्ल्यू कर्मचारियों को प्लांट के अंदर निजी वाहन ले जाने की अनुमति नहीं है, इसलिए वे गेट के किनारे खड़े होकर उन कर्मचारियों का इंतजार करते हैं जो उन्हें अपने दोपहिया वाहनों से संबंधित विभागों तक छोड़ते हैं। इस दौरान कई बार उन्हें लंबे समय तक धूप, तेज गर्मी या बारिश में खड़ा रहना पड़ता है।
ये खबर भी पढ़े 👉 BSP के दर्जनों अधिकारियों का सम्मान, EPS-95 Higher Pension पर भी बड़ा अपडेट; ऑफिसर्स एसोसिएशन ने रखी अहम बातें
डिप्टी जनरल सेक्रेटरी विमल कांत पांडे ने सबसे पहले उठाया मुद्दा
👉इस समस्या को सबसे पहले बीएसपी वर्कर्स यूनियन के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी विमल कांत पांडे ने यूनियन के समक्ष प्रमुखता से रखा। इसके बाद यूनियन ने इसे श्रमिक हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय मानते हुए लगातार बीएसपी प्रबंधन के समक्ष उठाया और शेड निर्माण की मांग को मजबूती से रखा।
अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता के नेतृत्व में ईडी (एचआर) से हुई महत्वपूर्ण बैठक
👉बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता के नेतृत्व में यूनियन के पदाधिकारियों ने कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार से मुलाकात कर ठेका श्रमिकों की वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराया। बैठक में बताया गया कि प्रतिदिन हजारों श्रमिकों को बारिश में भीगते हुए और भीषण गर्मी में धूप के बीच लिफ्ट का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
👉यूनियन की मांग को गंभीरता से लेते हुए ईडी (एचआर) श्री पवन कुमार ने श्रमिक हित को प्राथमिकता देते हुए बोरिया गेट सहित संबंधित स्थानों पर शीघ्र शेड निर्माण कराने का सकारात्मक आश्वासन दिया।
सीजीएम (एम एंड यू) बी. के. बेहरा से भी हुई विस्तृत चर्चा
👉ईडी (एचआर) श्री पवन कुमार के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार बीएसपी वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सीजीएम इंचार्ज (M&U) श्री बी. के. बेहरा से भी विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान यूनियन ने शेड निर्माण की प्रक्रिया को जल्द शुरू करने तथा आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह किया। चर्चा के दौरान श्रमिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
बस स्टैंड की तर्ज पर मिलेगा सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल
👉प्रस्तावित शेड बनने के बाद ठेका श्रमिकों और पीआरडब्ल्यू कर्मचारियों को लिफ्ट का इंतजार खुले आसमान के नीचे नहीं करना पड़ेगा। बस स्टैंड जैसी शेड सुविधा मिलने से वे धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रह सकेंगे। यूनियन का मानना है कि यह सुविधा प्रतिदिन बोरिया गेट सहित संबंधित प्रवेश द्वारों से आने-जाने वाले हजारों श्रमिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और उनके कार्यस्थल तक पहुंचने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनेगी।
यूनियन ने प्रबंधन के प्रति जताया आभार
👉बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने इस श्रमिक हितैषी निर्णय के लिए कार्यपालक निदेशक (एचआर) श्री पवन कुमार एवं सीजीएम इंचार्ज (M&U) श्री बी. के. बेहरा के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। यूनियन का कहना है कि प्रबंधन के सकारात्मक सहयोग और संवेदनशील नेतृत्व के कारण श्रमिकों की एक महत्वपूर्ण समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल हुई है। यूनियन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी श्रमिक हितों से जुड़े अन्य मुद्दों पर इसी प्रकार सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
श्रमिक हितों के लिए आगे भी जारी रहेगा प्रयास
👉बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने कहा कि संगठन हमेशा से श्रमिकों के अधिकारों और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। भविष्य में भी श्रमिकों की समस्याओं को विभिन्न मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रखे जाएंगे, ताकि बीएसपी में कार्यरत प्रत्येक श्रमिक को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
अगली खबर पढ़े 👉 BSP में महिला ट्रेड अप्रेंटिस, ठेका श्रमिक और कर्मचारियों के मुद्दों पर प्रबंधन से हुई अहम बैठक, बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने उठाईं कई महत्वपूर्ण मांगें
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

