आग से राख तक: क्या औद्योगिक विकास की कीमत अब इंसानी ज़िंदगियां बन चुकी हैं?

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • आरआईएनएल (विशाखापट्टनम स्टील प्लांट) में हुआ भयावह और दर्दनाक हादसा जिसमें 10 कार्मिको की जान चले गई, सिर्फ एक औद्योगिक दुर्घटना नहीं था। यह उन सवालों को फिर से जीवित कर गया है जिनसे हमारा औद्योगिक तंत्र वर्षों से बचता आया है।
  • इस हादसे ने केवल कुछ परिवारों के चिराग नहीं बुझाए, बल्कि उन अनगिनत श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं जो हर दिन देश की औद्योगिक प्रगति के लिए अपनी मेहनत और जीवन दांव पर लगाते हैं।
  • हादसे के तुरंत बाद मृतकों के परिजनों के लिए मुआवज़े की घोषणा कर दी गई। दो-दो लाख रुपये। मानो इंसानी जिंदगी का मूल्य पहले से तय कर किसी फाइल में लिख दिया गया हो
  • लेकिन क्या हर बार मौत के बाद सिर्फ रकम बांट देना ही जिम्मेदारी पूरी कर देना है? जिन घरों के सहारे चले गए, वहां अब कौन-सा मुआवज़ा सुबह की आवाज़ लौटाएगा?
  • कौन-सा चेक बच्चों के सिर पर पिता का हाथ रख पाएगा?

मॉडल प्लांट का तमगा और सुरक्षा का सवाल

👉विडंबना देखिए कि कुछ दिन पहले ही इसी प्लांट को “मॉडल प्लांट” बताकर सेल के अधिकारियों को यह सीखने भेजा गया था कि कर्मचारियों की छंटनी कैसे की जाए और कम लोगों से अधिक काम कैसे लिया जाए। लेकिन क्या किसी ने यह भी सिखाया कि सुरक्षा की अनदेखी का परिणाम क्या हो सकता है? क्या यह बताया गया कि मशीनें सिर्फ उत्पादन से नहीं, इंसानों की सांसों से भी चलती हैं? क्या किसी प्रस्तुति में यह चर्चा हुई कि उत्पादन बढ़ाने की होड़ में यदि सुरक्षा पीछे छूट जाए तो उसका मूल्य कितनी जिंदगियों से चुकाना पड़ता है?


केवल उत्पादन नहीं, सोच की भी तुलना होनी चाहिए

👉सेल आज अपनी प्रोडक्टिविटी कॉस्ट की तुलना टाटा स्टील और जिंदल स्टील जैसी कंपनियों से करना चाहता है। लेकिन तुलना केवल बैलेंस शीट से नहीं होती। तुलना उस सोच से होती है जो अपने कर्मचारियों को मशीन का पुर्जा नहीं बल्कि इंसान मानती है। टाटा और कई निजी कंपनियां महंगी लेकिन बेहतर मशीनें खरीदती हैं। वे प्रशिक्षण पर खर्च करती हैं, सुरक्षा पर निवेश करती हैं और कर्मचारियों के मनोबल को भी पूंजी मानती हैं। दूसरी ओर सार्वजनिक उपक्रमों में अक्सर सबसे पहले कटौती प्रशिक्षण पर होती है, फिर कल्याण योजनाओं पर और उसके बाद जनशक्ति पर। परिणामस्वरूप एक ऐसा वातावरण बनता है जहां कर्मचारी भय, असुरक्षा और अतिरिक्त दबाव के बीच काम करने को मजबूर हो जाता है। बचता है एक थका हुआ शरीर, टूटा हुआ मनोबल और असुरक्षित प्लांट।


आखिर दोष लोगों में है या व्यवस्था में?

👉एक महत्वपूर्ण सवाल यह भी है कि वही देश, वही समाज, वही आईटीआई, डिप्लोमा और डिग्रीधारी युवा जब निजी कंपनियों में जाते हैं तो दक्ष और उत्पादक कहलाते हैं, लेकिन सार्वजनिक उपक्रमों में आते ही उन्हें पिछड़ा और कम उत्पादक क्यों मान लिया जाता है? क्या समस्या कर्मचारियों में है या फिर उस व्यवस्था में जिसने उन्हें काम करने के लिए आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण और आत्मविश्वास ही नहीं दिया?

Join WhatsApp

नौकरी का डर और बढ़ता जोखिम!

👉देश भर की अदालतों में एरियर, बोनस, पीएफ और ग्रेच्युटी के दर्जनों मामले वर्षों से लंबित हैं। हर कर्मचारी के भीतर एक अनकहा भय पल रहा है कि पता नहीं कब नौकरी चली जाए। कारखानों के बाहर बेरोजगारों की लंबी कतारें खड़ी हैं। यही वजह है कि भीतर काम करने वाला कर्मचारी भी कई बार हर अन्याय और हर जोखिम को सहने के लिए मजबूर हो जाता है। वह वह जोखिम भी उठाता है जिसे उठाने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए, क्योंकि उसे पता है कि उसकी जगह लेने के लिए हजारों लोग बाहर इंतजार कर रहे हैं।


जब सुरक्षा व्यवस्था ही उपेक्षित हो जाए

और फिर बात आती है सुरक्षा की। जिन हाथों में सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वे स्वयं कई बार व्यवस्था की उपेक्षा के शिकार होते हैं। उम्र, बीमारी, संसाधनों की कमी और टूटते मनोबल के बीच काम करने वाले लोगों पर ही पूरे प्लांट की सुरक्षा का भार डाल दिया जाता है। जहां सुरक्षा विभाग ही उपेक्षित हो, वहां दुर्घटनाएं संभावना नहीं बल्कि इंतजार बन जाती हैं।


महान उद्योग की असली कीमत

👉सच यह है कि हर बेहतरीन चीज़ की एक कीमत होती हैसुरक्षित उत्पादन की कीमत निवेश है। अच्छे स्टील की कीमत अच्छे उपकरण हैं। और महान उद्योग की कीमत उसके श्रमिकों का सम्मान है। मजदूरों की जेब काटकर, उनके भविष्य को असुरक्षित बनाकर, उनके शरीर और मानसिक शांति को निचोड़कर कोई भी विश्वस्तरीय उत्पादन हासिल नहीं किया जा सकता। जिस स्टील पर कर्मियों के खून, पसीने और आंसुओं के धब्बे लगे हों, उससे न शांति देने वाले मंदिर-मस्जिद बन सकते हैं, न समृद्धि देने वाले कारखाने और न ही सुकून देने वाले घरों की नींव।


उद्योग की असली नींव विश्वास है

👉उद्योग केवल लोहे से नहीं चलते, विश्वास से चलते हैं। और जिस दिन मजदूर का विश्वास टूट जाता है, उसी दिन किसी भी कारखाने की असली नींव दरकने लगती है। आज सवाल केवल एक हादसे का नहीं है। सवाल यह है कि हम किस दिशा में जा रहे हैं? ऐसे विकास की ओर जहां मशीनें बची रहें और इंसान सस्ते हो जाएं? या ऐसे भविष्य की ओर जहां उत्पादन के साथ-साथ जीवन की कीमत भी समझी जाए? अगर अब भी हम नहीं चेते, तो आने वाले समय में कारखानों की चिमनियां भले धुआं देती रहें, मगर उनके भीतर काम करने वाले लोगों के दिल धीरे-धीरे राख हो जाएंगे।


निष्कर्ष: क्या अब भी सबक नहीं लिया जाएगा?

👉विशाखापट्टनम का यह हादसा केवल एक औद्योगिक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक चेतावनी है। यह याद दिलाता है कि किसी भी उद्योग की सबसे बड़ी संपत्ति उसकी मशीनें नहीं, उसके कर्मचारी होते हैं। जब तक सुरक्षा को खर्च और श्रमिक को संख्या समझा जाएगा, तब तक ऐसे हादसे केवल खबर बनते रहेंगे। लेकिन जिस दिन उद्योग प्रबंधन यह समझ लेगा कि उत्पादन और मानव जीवन दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं, उसी दिन विकास की दिशा वास्तव में सही कहलाएगी। क्योंकि अंततः कारखानों की ऊंची चिमनियां नहीं, उनमें काम करने वाले लोगों का विश्वास ही किसी राष्ट्र की औद्योगिक ताकत तय करता है।


ये खबर भी पढ़ें 👉 BSP में करोड़ों की चोरी के बीच RFID पर उठे सवाल! सांसद विजय बघेल बोले- कर्मचारियों पर नहीं, सुरक्षा खामियों पर हो फोकस


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *