Advertisement

SAIL JM Exam 2026: आज किस्मत बदलने की परीक्षा! BSP के 1163 कर्मचारी देंगे अधिकारी बनने की दौड़, सेंटर जाने से पहले पढ़ लें ये जरूरी अपडेट

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में कर्मचारी से अधिकारी बनने का सपना देखने वाले हजारों कर्मचारियों के लिए आज का दिन बेहद अहम है।
  • जूनियर मैनेजर (JM-2026) प्रमोशन प्रक्रिया के तहत रविवार, 5 जुलाई को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) आयोजित किया जा रहा है।
  • भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 1200 कर्मचारी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
  • हालांकि परीक्षा से पहले एक अहम ट्रैफिक अपडेट और बीएसपी प्रबंधन की विशेष गाइडलाइन जारी की गई है, जिसे नजरअंदाज करना अभ्यर्थियों के लिए भारी पड़ सकता है.
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

BSP से करीब 1200 कर्मचारी परीक्षा में होंगे शामिल

👉SAIL की सभी इकाइयों में आयोजित हो रही इस ऑनलाइन पदोन्नति परीक्षा के जरिए कर्मचारियों को अधिकारी वर्ग में प्रवेश का अवसर मिलेगा। भिलाई स्टील प्लांट में बड़ी संख्या में कर्मचारी इस परीक्षा के लिए पात्र थे, जिनमें से करीब 1200 कर्मचारियों ने आवेदन कर परीक्षा में शामिल होने का निर्णय लिया है. भिलाई में परीक्षा के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहला केंद्र रुंगटा कॉलेज और दूसरा भिलाई-3 स्थित Parthivi College of Engineering & Management है। इनमें से 448 अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र पार्थवी कॉलेज में निर्धारित किया गया है, जबकि शेष अभ्यर्थी रुंगटा कॉलेज में परीक्षा देंगे.


120 मिनट में देने होंगे 160 प्रश्न

👉CBT परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी और इसकी अवधि 120 मिनट होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित होगी। इसमें उद्योग एवं कंपनी संबंधी जानकारी, तर्कशक्ति (Reasoning), डेटा विश्लेषण (Data Analysis), अंग्रेजी बोध (English Comprehension) तथा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विषयों से जुड़े कुल 160 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए गए हैं.


पार्थवी कॉलेज जाने वाले कर्मचारी रहें सतर्क

👉विशेष रूप से पार्थवी कॉलेज परीक्षा केंद्र वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की गई हैं। 1 जुलाई से निर्माण कार्य के कारण सिरसा गेट अंडरब्रिज 31 अगस्त तक बंद कर दिया गया है। ऐसे में भिलाई खुर्सीपार होते हुए सिरसा अंडरब्रिज के रास्ते परीक्षा केंद्र जाने की कोशिश करने वाले अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रबंधन ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि वे उतई मार्ग का उपयोग करें। यह रास्ता अपेक्षाकृत बेहतर है, ट्रैफिक कम रहता है और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए अधिक सुरक्षित माना जा रहा है.

Join WhatsApp

वैकल्पिक मार्ग भी मौजूद, लेकिन नए अभ्यर्थियों के लिए आसान नहीं

👉स्थानीय लोगों के अनुसार जी-केबिन चरौदा की ओर से भी पार्थवी कॉलेज पहुंचा जा सकता है। हालांकि यह मार्ग लंबा और घुमावदार है। नियमित रूप से इस रास्ते का उपयोग करने वालों के लिए तो यह विकल्प ठीक है, लेकिन पहली बार जाने वाले अभ्यर्थियों के भटकने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में प्रबंधन की ओर से उतई मार्ग को ही प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है.


बीएसपी प्रबंधन ने जारी की उपस्थिति और ड्यूटी संबंधी गाइडलाइन

👉CBT परीक्षा को लेकर भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने कर्मचारियों की उपस्थिति (Attendance), ड्यूटी और टूर सुविधा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं.

  • जिन कर्मचारियों का 5 जुलाई को साप्ताहिक अवकाश (Weekly Off) है, उन्हें न उपस्थिति मिलेगी और न ही प्रतिपूरक अवकाश (C-Off)।
  • ‘A’ एवं ‘G’ शिफ्ट के कर्मचारी यदि परीक्षा में शामिल होते हैं तो उन्हें उपस्थिति मिलेगी और उस दिन ड्यूटी पर आने की आवश्यकता नहीं होगी।
  • भिलाई संयंत्र के ‘B’ शिफ्ट कर्मचारियों को परीक्षा समाप्त होने के बाद ड्यूटी करनी होगी, लेकिन उन्हें शाम 5:30 बजे तक विलंब से रिपोर्ट करने की अनुमति दी गई है।
  • माइंस क्षेत्र में कार्यरत ‘B’ शिफ्ट कर्मचारियों को परीक्षा में शामिल होने पर उपस्थिति मिलेगी और उस दिन ड्यूटी से छूट रहेगी।
  • जिन कर्मचारियों की 4 जुलाई को ‘C’ शिफ्ट थी और वे 5 जुलाई की परीक्षा में शामिल हुए, उन्हें 4 जुलाई की सी-शिफ्ट की उपस्थिति भी प्रदान की जाएगी।
  • वहीं 5 जुलाई की ‘C’ शिफ्ट वाले कर्मचारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी करनी होगी।

माइंस और अन्य इकाइयों के कर्मचारियों को मिलेगी टूर सुविधा

👉प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि माइंस क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को भिलाई और भिलाई-3 स्थित परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए नियमानुसार टूर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा ऐसे कर्मचारी, जो भिलाई या माइंस के अलावा अन्य कार्यालयों में कार्यरत हैं और जिनके कार्यस्थल पर परीक्षा केंद्र उपलब्ध नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार टूर की अनुमति दी जाएगी.


अधिकारी बनने की दिशा में अहम पड़ाव

👉JM-2026 परीक्षा SAIL कर्मचारियों के लिए केवल एक भर्ती परीक्षा नहीं, बल्कि करियर में अधिकारी वर्ग तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना और सही मार्ग का चयन करना बेहद जरूरी होगा, ताकि किसी भी तरह की असुविधा के कारण उनके भविष्य पर असर न पड़े।


⚠️ महत्वपूर्ण सूचना (Disclaimer):

इस समाचार में परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश विभिन्न उपलब्ध स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर संकलित किए गए हैं। जानकारी में अनजाने में त्रुटि, परिवर्तन अथवा अपडेट होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि परीक्षा से संबंधित अंतिम एवं प्रमाणिक जानकारी के लिए SAIL/BSP द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस, PDF, Admit Card तथा अन्य आधिकारिक निर्देशों को ही अंतिम एवं मान्य आधार मानें। Digital Bhilai News किसी भी प्रकार की त्रुटि, संशोधन या प्रशासनिक परिवर्तन के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।


अगली खबर पढ़े 👉 EPFO 3.0: PF ट्रांसफर से लेकर Pension तक—क्या-क्या बदलने वाला है? आसान भाषा में पूरी रिपोर्ट


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *