BSP सेवानिवृत्त कार्मिकों ने तेज किया आंदोलन, टाउनशिप की समस्याओं से लेकर महिलाओं की सुरक्षा तक उठाए सवाल
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के सेवानिवृत्त कार्मिकों से जुड़े अधिकारों, टाउनशिप की समस्याओं और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ ने अपना आंदोलन और तेज करने का निर्णय लिया है।
- शनिवार, 25 जुलाई 2026 को सेक्टर-2 स्थित गणेश पंडाल में आयोजित संघ की साप्ताहिक बैठक में प्रबंधन द्वारा जारी नोटिस, लाइसेंसधारी एवं रिटेंशनधारी सेवानिवृत्त कार्मिकों की समस्याओं से लेकर नगर प्रशासन और टाउनशिप सर्विसेज़ डिपार्टमेंट (TSD) के कुछ अधिकारियों के खिलाफ सामने आ रही शिकायतों तक कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
आखिर कब तक अधिकारों के लिए सड़क पर उतरेंगे सेवानिवृत्त कार्मिक?
👉बैठक में एक बार फिर यह प्रश्न प्रमुखता से उठा कि आखिर कब तक सेवानिवृत्त कार्मिक अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को विवश रहेंगे। बैठक में भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन द्वारा जारी किए जा रहे नोटिसों तथा लाइसेंसधारी एवं रिटेंशनधारी सेवानिवृत्त कार्मिकों को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने इस प्रकार की कार्यवाहियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान, गरिमा एवं अधिकारों के विपरीत बताया तथा प्रबंधन से तत्काल सकारात्मक एवं न्यायसंगत समाधान की मांग की।
नगर प्रशासन और TSD को लेकर शिकायतों पर जताई गंभीर चिंता
👉बैठक में नगर प्रशासन विभाग एवं टाउनशिप सर्विसेज़ डिपार्टमेंट (टीएसडी) के कुछ अधिकारियों के विरुद्ध लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग तथा नागरिकों के साथ अनुचित व्यवहार संबंधी शिकायतों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने कहा कि यदि इन शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच नहीं हुई तो आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और कमजोर होगा।
वरिष्ठ अधिकारी पर कथित अभद्र व्यवहार का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
👉संगठन के अनुसार हाल ही में भिलाई के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक की पत्नी के साथ नगर प्रशासन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा कथित अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत कोतवाली थाना, सेक्टर-6 में दर्ज कराई गई है।संगठन ने इस मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अधिकारियों की कार्यशैली और फैसलों को लेकर शहर में असंतोष का दावा
👉बैठक में यह भी कहा गया कि टीएसडी के कुछ अधिकारियों की कार्यशैली तथा उच्च प्रबंधन के स्तर पर लिए जा रहे कुछ निर्णयों को लेकर भिलाई शहर में व्यापक असंतोष का वातावरण है। नागरिकों के बीच इनकी कार्यप्रणाली को लेकर लगातार चर्चाएँ हो रही हैं, जिससे भिलाई स्टील प्लांट एवं टाउनशिप की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है। संगठन का कहना है कि किसी भी औद्योगिक संस्थान का उद्देश्य अपनी कार्यकुशलता, पारदर्शिता और जनविश्वास के आधार पर देशभर में सम्मान अर्जित करना होता है, किंतु यदि शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं किया गया तो संस्था की साख को और अधिक क्षति पहुँच सकती है।
वरिष्ठ नागरिकों के साथ सम्मान और संवेदनशील व्यवहार की मांग
👉संगठन ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवाद और संवेदनशील व्यवहार किसी भी सार्वजनिक उपक्रम की पहचान होना चाहिए। यदि वरिष्ठ नागरिक स्वयं को उपेक्षित अथवा अपमानित महसूस कर रहे हैं तो यह प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर आत्ममंथन का विषय है।
जनसंपर्क अभियान के छठवें दिन सेक्टर-5 पहुंचा संगठन
👉बैठक के पश्चात संगठन के जनसंपर्क अभियान के छठवें दिन सेक्टर-5 के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों से संपर्क किया गया। इस दौरान आमजन के बीच पंपलेट वितरित कर संगठन की मांगों एवं आंदोलन के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों से इस लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन से जुड़कर सेवानिवृत्त कार्मिकों के न्यायपूर्ण अधिकारों, महिलाओं की सुरक्षा तथा भिलाई टाउनशिप के हितों की रक्षा के लिए सहयोग देने की अपील की गई।
“किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं, यह अधिकारों की लड़ाई”
👉सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है, बल्कि भिलाई के मेहनतकश कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कार्मिकों एवं आम नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा जनआंदोलन है।
समाधान नहीं हुआ तो और व्यापक होगा आंदोलन
👉संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तथा सेवानिवृत्त कार्मिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर अपने आंदोलन को और व्यापक करेगा। अंत में संगठन ने भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन, जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों से मांग की कि सेवानिवृत्त कार्मिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए, शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा भिलाई टाउनशिप में पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी प्रशासन स्थापित किया जाए।
अगली खबर पढ़े 👉 Sector 9 Hospital के निजीकरण पर बढ़ी हलचल: BSP Workers Union ने खोला मोर्चा, कहा- “कॉरपोरेट हॉस्पिटल का चारागाह नहीं बनने देंगे”
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

