SAIL अधिकारियों के लंबित मुद्दों पर सेफी की बड़ी पहल, नए CMD डॉ. अशोक पंडा से दिल्ली में हुई अहम मुलाकात

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के अधिकारियों से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर स्टील एक्जीक्यूटिव्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (सेफी) ने एक बार फिर सक्रियता दिखाई है।
  • दिल्ली में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सेफी प्रतिनिधिमंडल ने सेल के नवनियुक्त सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
  • इस दौरान अधिकारियों के पेंशन, पीआरपी, मेडिक्लेम, करियर उन्नति और टाउनशिप से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
  • बैठक में सेल की लाभप्रदता बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👉

सेफी प्रतिनिधिमंडल ने नए सीएमडी डॉ. अशोक पंडा को दी शुभकामनाएं

👉दिनांक 16 मई 2026 को स्टील एक्जीक्यूटिव्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (सेफी) के चेयरमेन श्री एन. के. बंछोर के नेतृत्व में तथा वाईस चेयरमेन श्री नरेंद्र सिंह और महासचिव श्री संजय आर्य ने दिल्ली में सेल के नए सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने एवं सेल के बेहतरीन परफार्मेंस के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही सेफी प्रतिनिधि मंडल ने सेल के अधिकारियों के विभिन्न लंबित मुद्दों पर सारगर्भित चर्चा की तथा सेल के उत्कृष्ट व सुरक्षित निष्पादन हेतु आवश्यक सुझाव प्रदान किए।


डायरेक्टर (पर्सनल) और ईडी (एचआर) से भी हुई चर्चा

👉सेफी ने अपने इस महत्वपूर्ण दिल्ली दौरे में सेल के डायरेक्टर (पर्सनल), श्री के. के. सिंह से सेल अधिकारियों तथा सेल के टाउनशिप को प्रभावित करने वाले विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर शीघ्र समाधान की अपील की। इस दौरान सेल के ईडी (एचआर) श्री राजीव पाण्डेय जी से भी मुलाकात कर अधिकारियों के इन लंबित मुद्दों को शीघ्र हल करने का अनुरोध किया।


पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभों पर उठी प्रमुख मांग

👉सेफ़ी ने डीपीई दिशानिर्देशों के अनुसार 30 प्रतिशत सेवानिवृत्ति लाभों को लागू करने की मांग की। लाभ कमाने वाले वर्षों में भी पेंशन योगदान 9 प्रतिशत से कम होने पर चिंता जताते हुए, सेफ़ी ने बिना किसी वित्तीय उतार-चढ़ाव के ‘निश्चित योगदान’ (Defined Contribution) व्यवस्था को बहाल करने की मांग की। कोलयरी/सीएमपीएफ सदस्यों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है।

Join WhatsApp

पीआरपी भुगतान को लेकर मिला आश्वासन

👉वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए 2 प्रतिशत वृद्धिशील पीआरपी (Incremental PRP) की मांग दोहराई गई।साथ ही, सेफी की मांग पर सेल के सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने आश्वासन दिया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पीआरपी का भुगतान जल्द ही किया जाएगा।


मेडिक्लेम पॉलिसी में सुधार की मांग

👉सेफी ने सेल मेडिक्लेम पालिसी में विभिन्न सुधारों हेतु कई सुझाव दिए। साथ ही ओपीडी/आईपीडी सीमाओं को बढ़ाने और कॉरपोरेट बफर में सुधार करने का अनुरोध किया।सेफी के इस अनुरोध पर सेल प्रबंधन ने आश्वस्त करते हुए कहा कि नई मेडिक्लेम योजना जल्द लाई जाएगी।


कैरियर उन्नति और सीडीए नियमों पर हुई गंभीर चर्चा

👉ई6 और ई7 स्तर के अधिकारियों के लिए पीईएसबी के अवसरों को मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। वहीं, सेल के सीडीए नियमों के नियम 4.0(3) जो एफआर 56-जे पर आधारित है, के उपयोग पर सेफ़ी ने रुख स्पष्ट किया कि इसका उपयोग स्थापित विभागीय जांच या सतर्कता जांच के विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि केवल वास्तविक सार्वजनिक हित में विवेकपूर्ण तरीके से होना चाहिए।


आयकर प्रावधान और भत्तों को लेकर अपडेट

👉श्री नरेन्द्र कुमार बंछोर ने बताया कि संशोधित आयकर प्रावधानों के साथ भत्तों को संरेखित करने वाले परिपत्र एक सप्ताह के भीतर जारी होने की उम्मीद है।


जेओ पे-अनामली और नोशनल सीनियारिटी का मुद्दा उठा

👉सेफी ने जेओ-2008-10 बैच के पे-अनामली तथा जेओ-2018 बैच के नोशनल सीनियारिटी पर गंभीर चर्चा करते हुए इसके शीघ्र निराकरण का अनुरोध किया।


सेल का राजस्व बढ़ाने के लिए दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव

👉सेफी ने सेल के सभी संसाधनों का समुचित उपयोग बढ़ाने हेतु आवश्यक सुझाव प्रदान किया जिससे कि सेल की लाभप्रदता बढ़ाई जा सके। जिसमें धार्मिक संस्थाओं/शैक्षणिक संस्थाओं एवं अन्य प्रतिष्ठानों के लंबित लीज नवीनीकरण को एक समुचित व व्यवहारिक दर से करने का अनुरोध किया। इसके अलावा सेल के अतिरिक्त संसाधनों जैसे – खाली पड़े मकानों तथा खाली पड़े जमीनों को लीज व लाइसेंस पर देने की अपनी मांग को दोहराया।साथ ही साथ लीज में दिए गए मकानों के अतिरिक्त निर्माण को न्यायोचित दर से नियमितीकरण करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही माइंस में पड़े विभिन्न फाईंस के विक्रय में तेजी लाकर राजस्व बढ़ाने का सुझाव दिया।


शानदार वित्तीय प्रदर्शन पर कर्मचारियों को बधाई

👉सेफ़ी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सेल के उत्साहजनक वित्तीय प्रदर्शन, बेहतर लाभप्रदता, उच्च राजस्व और कर्ज के बोझ में उल्लेखनीय कमी के लिए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को बधाई दी। वर्तमान आर्थिक परिदृश्य को देखते हुए, सेफ़ी ने सभी कर्मचारियों से लागत में कमी, उत्पादकता में सुधार, बेहतर तकनीकी-आर्थिक प्रदर्शन और परिचालन दक्षता की दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने का आह्वान किया है।


सुरक्षा को लेकर सेफी ने जताई गंभीर चिंता

👉विभिन्न सेल इकाइयों में हाल ही में हुई घातक दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए, सेफ़ी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सुरक्षा एसओपी, एसएमपी और परमिट प्रणालियों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जा सकता।


अधिकारियों के हितों की रक्षा के लिए सेफी प्रतिबद्ध

👉सेफी चेयरमेन श्री बंछोर ने टीम सेफ़ी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि सेफी, सेल अधिकारियों के अधिकारों, गरिमा और वैध हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उठाए गए सभी मुद्दों पर सरकार व प्रबंधन के साथ निरंतर संपर्क व संवाद बनाए रखेगी।


अगली खबर पढ़े 👉 PM Modi की अपील का असर: अब साइकिल से ड्यूटी जाएंगे भिलाई के डिप्लोमा इंजीनियर्स, पर्यावरण बचाने की अनोखी पहल


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *