Advertisement

आज छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 35.98 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • रायपुर। आज 28 जून 2026 (रविवार) को पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जा रहा है।
  • अभियान के तहत राज्यभर में जन्म से पांच वर्ष तक के 35 लाख 98 हजार 904 बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी।
  • स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं।
  • अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को आज निर्धारित पोलियो बूथों तक अवश्य लेकर जाएं।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

आज 14,396 बूथों पर मिलेगी पोलियो की दो बूंद

👉राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत प्रदेशभर में 14,396 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। अभियान के संचालन के लिए 28,791 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।


29 और 30 जून को चलेगा घर-घर अभियान

👉स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बूथ दिवस के बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश आज बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। इस दौरान शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।


सभी 33 जिलों में पहले ही पूरी कर ली गई थीं तैयारियां

👉अभियान के सफल संचालन के लिए राज्य के सभी 33 जिलों में जिला एवं विकासखंड स्तर पर टास्क फोर्स की बैठकें आयोजित की गईं। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और टीकाकरण दलों का प्रशिक्षण पूरा किया गया। साथ ही माइक्रोप्लान का सत्यापन, वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड चेन प्रबंधन तथा आवश्यक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया गया, ताकि अभियान बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।

Join WhatsApp

दूरस्थ क्षेत्रों और प्रवासी परिवारों के बच्चों पर रहेगा विशेष फोकस

👉इस अभियान के दौरान दूरस्थ गांवों, वनांचल क्षेत्रों, शहरी बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी एवं घुमंतू परिवारों के बच्चों तक विशेष रूप से पहुंच बनाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।


राज्य टीकाकरण अधिकारी ने अभिभावकों से की अपील

👉राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी. आर. भगत ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी कर ली गई हैं। अभियान के दौरान बूथों के साथ-साथ घर-घर भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित बूथों पर अवश्य लेकर आएं। यदि किसी कारणवश वे बूथ तक नहीं पहुंच पाते हैं, तो घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें। पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने में प्रत्येक परिवार की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।


स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण अपील

👉स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को, चाहे उसे पहले नियमित टीकाकरण या किसी पूर्व पल्स पोलियो अभियान में दवा मिल चुकी हो, आज के अभियान में भी पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है।


अगली खबर पढ़े 👉 रायपुर: डीएसपी से 5 लाख की ठगी! रकम दोगुनी करने के झांसे में आए पुलिस अधिकारी, वकील समेत तीन पर मामला दर्ज


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *