हरि राज रेस्टोरेंट के बाथरूम में हिडन कैमरा के आरोप! मामला गंभीर, उज्जवल दत्ता ने की दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग!
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई में एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट के बाथरूम में कथित रूप से हिडन कैमरा मिलने की घटना के आरोपों ने नागरिकों की निजता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- हरि राज रेस्टोरेंट से जुड़े इस मामले को बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने बेहद गंभीर और निंदनीय बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है।
- उन्होंने कहा कि यदि जांच में कैमरा जानबूझकर लगाए जाने की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों की पहचान कर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
बाथरूम जैसे निजी स्थान पर हिडन कैमरा मिलने का आरोप! गंभीर मामला
👉शहर के प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट हरि राज के बाथरूम में कथित रूप से हिडन कैमरा मिलने की घटना को बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने अत्यंत गंभीर एवं निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि बाथरूम जैसे निजी स्थान पर हिडन कैमरा मिलना लोगों की निजता, सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है। इस घटना से भिलाई के नागरिकों के मन में स्वाभाविक रूप से चिंता उत्पन्न हुई है और प्रशासन को इसे किसी सामान्य घटना के रूप में नहीं लेना चाहिए।
कैमरा किसने लगाया और वीडियो का क्या हुआ, जांच जरूरी
👉उज्जवल दत्ता ने कहा कि यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि कैमरा जानबूझकर लगाया गया था, तो इसके पीछे किसकी मंशा थी और इससे प्राप्त वीडियो का क्या किया गया, यह जानना बेहद जरूरी है। पुलिस को कैमरे की तकनीकी जांच के साथ-साथ उससे जुड़े मोबाइल, डीवीआर, कंप्यूटर, मेमोरी कार्ड एवं अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच करानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कोई वीडियो रिकॉर्ड हुआ था या नहीं और यदि हुआ था तो उसे कहीं संग्रहित, भेजा या प्रसारित तो नहीं किया गया।
संचालक सहित संबंधित लोगों से हो कड़ाई से पूछताछ
👉उन्होंने कहा कि संचालक द्वारा कैमरा लगाए जाने की जिम्मेदारी किसी कर्मचारी पर डालना भी जांच का विषय है। पुलिस को संचालक सहित संबंधित सभी लोगों से कड़ाई से पूछताछ करनी चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि कैमरा किसने लगाया, कितने समय से लगा था तथा इसकी जानकारी किस-किस व्यक्ति को थी। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध तत्काल गिरफ्तारी सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
👉उज्जवल दत्ता ने कहा कि हरि राज जैसे प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान में ऐसी घटना सामने आना अपने आप में गंभीर चिंता का विषय है। नागरिक जब किसी होटल या रेस्टोरेंट में जाते हैं तो उन्हें विश्वास होता है कि उनकी निजी सुरक्षा और गरिमा सुरक्षित रहेगी। यदि इस विश्वास के साथ खिलवाड़ होता है तो इससे पूरे शहर में होटल और रेस्टोरेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। इसलिए प्रशासन को इस मामले की जांच के साथ-साथ अन्य प्रतिष्ठानों में भी आवश्यक सुरक्षा मानकों की समीक्षा करनी चाहिए।
होटल-रेस्टोरेंट और चेंजिंग रूम में चले विशेष जांच अभियान
👉उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। भिलाई के होटल, रेस्टोरेंट, लॉज, चेंजिंग रूम तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर हिडन कैमरों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों की निजता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध ऐसी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार का घिनौना कृत्य करने का साहस न कर सके।
निजता और सम्मान से जुड़ा मामला, बिना दबाव हो जांच
👉उज्जवल दत्ता ने कहा कि यह केवल कैमरा मिलने का मामला नहीं है, बल्कि नागरिकों की निजता और सम्मान से जुड़ा मामला है। प्रशासन को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके पद या प्रतिष्ठा की परवाह किए बिना कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
दोषियों पर कार्रवाई के साथ जनता को भी मिले जांच की जानकारी
👉उज्जवल दत्ता ने मांग की कि मामले की जांच शीघ्र पूरी कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा आम नागरिकों को भी जांच की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन और कानून व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।
जारीकर्ता: उज्जवल दत्ता (अध्यक्ष बीएसपी वर्कर्स यूनियन, भिलाई)
अगली खबर पढ़े 👉 BSP लोहा-स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा अपडेट: अब CBI करेगी जांच, राजपत्र में अधिसूचना जारी!
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

