World Tribal Day 2026: भिलाई स्टील प्लांट ST Employees Welfare Association ने शुरू की तैयारियां, 09 अगस्त को होगा भव्य आयोजन
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- विश्व आदिवासी दिवस 2026 को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की दिशा में भिलाई स्टील प्लांट शेड्यूल्ड ट्राइब एम्पलाईज वेलफेयर एसोसिएशन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
- 12 जुलाई 2026 को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में पदाधिकारियों और सदस्यों ने 09 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की।
- बैठक में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक एकता और आदिवासी समाज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए आयोजन को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और अनुशासित बनाने का संकल्प लिया गया।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
👉भिलाई स्टील प्लांट शेड्यूल्ड ट्राइब एम्पलाईज वेलफेयर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 12 जुलाई 2026 को आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 09 अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार करना तथा कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करना था।

आदिवासी संस्कृति, इतिहास और संवैधानिक अधिकारों को मिलेगा सम्मान
👉बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विश्व आदिवासी दिवस को आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, इतिहास, संवैधानिक अधिकारों तथा महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों एवं समाज सुधारकों के योगदान को स्मरण करते हुए गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर आदिवासी समाज के युवाओं, कर्मचारियों, महिलाओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
रैली से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की तैयारियों पर हुई चर्चा
👉बैठक में निर्णय हुआ कि आदिवासी मंडल, भिलाई द्वारा आयोजित आदिवासी दिवस रैली कार्यक्रम में पूर्व वर्ष की तरह इस वर्ष भी एसोसिएशन की ओर से पारंपरिक व्यंजन पत्ता के दोना में उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके साथ ही शाम को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल, अतिथियों को आमंत्रित करने, पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य एवं गीत, Catewalk With Family (पारंपरिक वेशभूषा में), आदिवासी संस्कृति से जुड़े अन्य कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान, सम्मान समारोह, सामाजिक एकता तथा आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समितियों का होगा गठन
👉बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा तथा पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि कार्यक्रम का प्रत्येक चरण सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव नहीं, समाज की पहचान का प्रतीक
👉एसोसिएशन ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, अस्मिता, संस्कृति, परंपरा तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिवस समाज में भाईचारे, समानता, सामाजिक न्याय तथा राष्ट्रीय एकता के संदेश को भी सशक्त बनाता है।
इस वर्ष पहले से अधिक भव्य आयोजन का लिया गया संकल्प
👉बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि इस वर्ष का आयोजन पूर्व वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी बनाया जाएगा तथा अधिक से अधिक कर्मचारियों, उनके परिवारों एवं समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
सभी एस.टी. कर्मचारियों और समाजजनों से की गई सहभागिता की अपील
👉अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भिलाई, दुर्ग सहित किसी भी क्षेत्र अथवा उपक्रम में कार्यरत सभी एस.टी. कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा आदिवासी समाज के सभी नागरिकों से 09 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। एसोसिएशन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल की सूचना शीघ्र ही सभी को उपलब्ध करा दी जाएगी।
अगली खबर पढ़े 👉 ग्राम औरी को मिली नई पहचान: 3 करोड़ लीटर क्षमता वाले अमृत सरोवर का लोकार्पण
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

