सेक्टर-9 अस्पताल में सांसद विजय बघेल का अचानक दौरा, खुद किया CPR का अभ्यास; बोले- डॉ. उदय के आने के बाद बदलीं कई व्यवस्थाएं
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (JLNH&RC), सेक्टर-9 में चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने गुरुवार को दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल पहुंचे।
- उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया, मरीजों के लिए की गई नई व्यवस्थाओं और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली।
- इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराने के साथ डॉ. उदय ने सांसद को आपातकालीन स्थिति में CPR देने की प्रक्रिया भी समझाई, जिसे सांसद विजय बघेल ने स्वयं पुतले पर अभ्यास करके देखा।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
सेक्टर-9 अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
👉दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (JLNH & RC), सेक्टर-9 का दौरा कर अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) दिए जाने की प्रक्रिया, दवाइयों की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
डॉ. उदय ने सांसद को दिखाई अस्पताल की व्यवस्थाएं
👉अस्पताल के एचओडी डॉ. उदय ने सांसद विजय बघेल को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का निरीक्षण कराया। उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी विभाग को खोजने में परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग विभागों की ओर जाने के लिए दिशा-सूचक तीर लगाए गए हैं। इससे कैजुअल्टी सहित अन्य विभागों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
मरीजों के बैठने के लिए नई व्यवस्था का भी अवलोकन
👉सांसद विजय बघेल ने मरीजों के बैठने के लिए की गई नई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. उदय के आने के बाद अस्पताल में कई व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुतले पर समझाया CPR, सांसद ने खुद किया अभ्यास
👉दौरे के दौरान डॉ. उदय ने पुतले के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) देने की प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की सांस रुक जाए और वह बेहोश हो जाए, तो तत्काल CPR देकर उसकी जान बचाने में मदद की जा सकती है। उन्होंने छाती के मध्य भाग में निर्धारित तरीके से लगातार दबाव देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इसके बाद सांसद विजय बघेल ने स्वयं पुतले पर CPR की प्रक्रिया को समझा और उसका अभ्यास किया।
अस्पताल से 19 साल पुराना जुड़ाव बताया
👉सांसद विजय बघेल ने कहा कि आज सेक्टर-9 अस्पताल आने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारी के रूप में 19 वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं, इसलिए इस अस्पताल और यहां की चिकित्सा व्यवस्था से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने अस्पताल परिसर में मरीजों की सेवा एवं चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित सेल्फी जोन का भी अवलोकन किया।
अस्पताल की टीम को दी बधाई
👉सांसद विजय बघेल ने डॉ. उदय सहित अस्पताल की पूरी टीम को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा एवं सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बधाई दी और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
👉इस अवसर पर डॉ. सुनील, डॉ. पांडा (सीएमओ), डॉ. गुंजन सहित फार्मासिस्ट एवं अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
अगली खबर पढ़े 👉 सेलूद में महतारी सदन का लोकार्पण, सांसद विजय बघेल ने सैकड़ों महिलाओं को किया संबोधित; जाने क्या बोले-
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

