RFID Attendance पर BSP Workers Union का विरोध! ग्रेडेशन और ₹1 लाख इंसेंटिव समेत उठे ये बड़े मुद्दे..पढ़े पूरी खबर
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मियों से जुड़े कई लंबित और महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर BSP Workers Union ने प्रबंधन के सामने अपनी मांगें और समस्याएं मजबूती से रखीं।
- यूनियन अध्यक्ष उज्जवल दत्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य महाप्रबंधक कार्मिक प्रशांत ओझा से मुलाकात की।
- बैठक में कर्मचारियों के ग्रेडेशन, हायर एजुकेशन इंसेंटिव, RFID Attendance, कैंटीन व्यवस्था, आमसभा के वित्तीय हिसाब-किताब के साथ ही ट्रेनीज और विशेष रूप से महिला ट्रेनीज की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
CGM Personnel प्रशांत ओझा का किया स्वागत एवं अभिनंदन
👉बीएसपी वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने यूनियन अध्यक्ष उज्जवल दत्ता के नेतृत्व में भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक कार्मिक प्रशांत ओझा से मुलाकात की। बैठक की शुरुआत में यूनियन ने प्रशांत ओझा का भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यभार संभालने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। यूनियन ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कार्यकाल में कर्मियों से जुड़े अनेक लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान होगा।
ग्रेडेशन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
👉बैठक में यूनियन ने कर्मियों के ग्रेडेशन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। यूनियन ने मांग की कि कर्मियों को दिए जाने वाले ग्रेडेशन को डिस्प्ले किया जाना चाहिए। साथ ही यदि किसी कर्मचारी को अपने ग्रेडेशन में आपत्ति या सुधार की आवश्यकता महसूस होती है, तो उसे अपनी आपत्ति दर्ज कराने और आवश्यक सुधार का अवसर भी मिलना चाहिए।
इस पर मुख्य महाप्रबंधक कार्मिक प्रशांत ओझा ने बताया कि सेल स्तर पर इस संबंध में नीति तैयार की जा रही है, जिसमें कर्मियों के ग्रेडेशन को प्रदर्शित करने का प्रावधान रहेगा और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।
Higher Education Incentive ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख करने की मांग
👉यूनियन के युवा पदाधिकारियों ने तकनीकी एवं उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करने का मुद्दा भी उठाया। यूनियन ने डिग्री एवं हायर एजुकेशन के लिए दी जाने वाली वर्तमान ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर ₹1,00,000 किए जाने की मांग रखी।
प्रबंधन की ओर से बताया गया कि इस संबंध में प्रोत्साहन राशि बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है तथा जल्द ही सकारात्मक निर्णय होने की संभावना है।
हर सेमेस्टर दोबारा अनुमति लेने की प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट
👉यूनियन ने यह भी मांग रखी कि जिस कर्मचारी ने एक बार हायर एजुकेशन के लिए निर्धारित अनुमति प्राप्त कर ली है, उसे प्रत्येक सेमेस्टर के लिए बार-बार अनुमति लेने की प्रक्रिया से मुक्त किया जाए। इस पर प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि एक बार हायर एजुकेशन के लिए अनुमति प्राप्त करने के बाद प्रत्येक सेमेस्टर में दोबारा अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है।
RFID Attendance प्रक्रिया का यूनियन ने किया विरोध
👉बैठक में कर्मियों की हाजिरी के लिए लाई जा रही RFID प्रक्रिया का यूनियन ने विरोध किया। यूनियन अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने कहा कि कर्मियों पर लगातार नए-नए प्रयोग करने के बजाय प्रबंधन को पहले से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ-कुछ समय के अंतराल पर हाजिरी की नई-नई प्रक्रियाएं लागू किए जाने से कर्मियों में अनावश्यक मानसिक तनाव उत्पन्न होता है।
Second और Night Shift में कैंटीन व्यवस्था सुधारने की मांग
👉यूनियन ने संयंत्र की कैंटीन व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी रखी। विशेष रूप से Second और Night Shift में कार्य करने वाले कर्मियों की समस्या को बैठक में उठाया गया। यूनियन ने बताया कि शाम के बाद कई विभागों में नाश्ते एवं भोजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से कर्मचारियों को परेशानी होती है। इस संबंध में यूनियन ने प्रबंधन से शीघ्र उचित व्यवस्था करने की मांग की।
आमसभा और आय-व्यय का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग
👉यूनियन ने सेवा की आमसभा की बैठक जल्द आयोजित करने की मांग भी रखी। इसके साथ ही आमसभा में आय-व्यय एवं संबंधित वित्तीय हिसाब-किताब को पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक किए जाने की मांग की गई।
ट्रेनीज और महिला ट्रेनीज की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठा
👉बैठक में भिलाई इस्पात संयंत्र में ट्रेनिंग के लिए आने वाले Trainees की Safety का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने विशेष रूप से महिला ट्रेनीज की सुरक्षा को लेकर प्रबंधन से आवश्यक सावधानी बरतने की मांग की।
यूनियन ने सुझाव दिया कि ट्रेनीज को Hazard Area में न भेजा जाए, उन्हें गेट से अत्यधिक दूर स्थित विभागों में तैनात न किया जाए तथा उनसे उनके प्रशिक्षण से अलग किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत कार्य न लिया जाए।
यूनियन ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
👉बैठक में मुख्य महाप्रबंधक कार्मिक प्रशांत ओझा, महाप्रबंधक आईआर राजीव कुमार सहित बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता, शिवबहादुर सिंह, दिलेश्वर राव, अमित बर्मन, शेख महमूद, सुरेश सिंह, प्रदीप सिंह, विमल पांडे, मनोज डड़सेना, राजकुमार सिंह, संदीप सिंह, अभिषेक सिंह, धनंजय गिरि, हिमांशु सिंह, लुमेश कुमार, सुशीला नायर, ढाकेश्वरी परगनिया, दीपेश कुमार चुघ एवं विश्वनाथ देवांगन प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई नगर निगम वार्ड आरक्षण से बदली सियासी तस्वीर! दिग्गज पार्षदों के वार्ड OBC और महिला वर्ग में, जानिए किस वार्ड में क्या आरक्षण
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

