Advertisement

₹4.50 लाख लौटाने के बाद भी नहीं मिले 44.300 ग्राम सोने के जेवर! खुर्सीपार में ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • आर्थिक जरूरत के समय गिरवी रखे गए सोने के जेवर वापस नहीं मिलने का मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है।
  • दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक ज्वेलर्स संचालक पर गिरवी राशि वापस लेने के बावजूद 44.300 ग्राम सोने के जेवर लौटाने के बजाय वर्षों तक टालमटोल कर बेईमानीपूर्वक हड़पने का आरोप है।
  • वार्ड पार्षद की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

वार्ड पार्षद की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

👉दुर्ग पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 जुलाई 2026 को प्रार्थी भूपेन्द्र यादव (वार्ड पार्षद) ने थाना खुर्सीपार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2025 में आर्थिक आवश्यकता होने पर उन्होंने अपनी पत्नी के 44.300 ग्राम सोने के जेवरात आरोपी अमित सोनी के पास ₹4,50,000 के बदले गिरवी रखे थे।


राशि लौटाने के बाद भी नहीं मिले जेवरात

👉प्रार्थी के अनुसार, बाद में जब उन्होंने गिरवी राशि वापस देकर अपने जेवरात छुड़ाने का प्रयास किया, तब आरोपी ने लगातार आज-कल कहकर टालमटोल किया। शिकायत के मुताबिक, न तो गिरवी रखे गए सोने के जेवर वापस किए गए और न ही राशि लौटाई गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने विश्वास प्राप्त कर बेईमानीपूर्वक संपत्ति हड़पने का कृत्य किया।


खुर्सीपार पुलिस ने दर्ज किया अपराध

👉शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 312/2026 पंजीबद्ध कर वैधानिक विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 जुलाई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

Join WhatsApp

पुलिस के अनुसार यह था आरोपी का तरीका

👉प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी आर्थिक आवश्यकता का लाभ उठाकर लोगों से सोने के जेवर गिरवी रखवाता था। गिरवी अवधि पूरी होने के बाद भी, गिरवी राशि प्राप्त करने के बावजूद जेवर वापस नहीं किए जाते थे। लगातार बहाने बनाकर प्रार्थियों को टालमटोल किया जाता था और विश्वास का दुरुपयोग करते हुए बेईमानीपूर्वक संपत्ति हड़पने का प्रयास किया जाता था।


घटना स्थल

👉यह पूरा मामला जय मातादी ज्वेलर्स, सुभाष मार्केट, खुर्सीपार, भिलाई से जुड़ा बताया गया है। आरोपी का नाम – अमित सोनी


सराहनीय भूमिका

👉इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खुर्सीपार निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं थाना खुर्सीपार के समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों से अपील

👉दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के पास आभूषण अथवा अन्य मूल्यवान वस्तु गिरवी रखने से पहले उसकी वैधानिक जानकारी एवं दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अगली खबर पढ़े 👉 ₹1.35 करोड़ Accident Cover से ₹30 लाख Health Insurance तक… SAIL–Axis Bank MOU के हर लाभ की जानकारी अब पहुंचाएगा BWU, कर्मचारियों के लिए शुरू हुई जागरूकता मुहिम


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *