BSP स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा खुलासा: 50 लाख के आभूषण और 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जप्त, तीन आरोपी जेल भेजे गए

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से कथित रूप से संगठित तरीके से स्क्रैप चोरी और उसके अवैध कारोबार से जुड़े मामले में दुर्ग पुलिस की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है।
  • इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में करोड़ों रुपये की संपत्तियों और आभूषणों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं।
  • पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में संपत्ति संबंधी दस्तावेज, आभूषण और अन्य अहम सबूत जप्त किए हैं। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇


पुलिस रिमांड के दौरान महत्वपूर्ण खुलासे

👉दिनांक 26.05.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एच.आई.ए. हथखोज भिलाई में जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा एवं ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम एवं कटिंग लोड होना पाया गया। मौके पर लोहे की प्लेट, बीम कटिंग एवं अन्य स्क्रैप सामग्री का बड़े पैमाने पर भंडारण पाया गया। साथ ही स्क्रैप की लोडिंग एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी भी मौके पर मौजूद थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था। कार्यवाही के दौरान लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये है, जप्त की गई। साथ ही परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों एवं मशीनों सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई।


मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और जांच

👉प्रकरण में पूर्व में 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर विशेष पुलिस टीम उत्तरप्रदेश रवाना की गई, जहां आरोपी को देवरिया क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को दिनांक 16.06.2026 को गिरफ्तार कर 07 दिवस की पुलिस रिमांड प्राप्त की गई थी। पुलिस रिमांड अवधि के दौरान आरोपी संजय सिंह से गहन पूछताछ करने पर अमित शर्मा एवं आकाश कुमार सिंह की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने संगठित रूप से बीएसपी से चोरी किए गए लोहे को अवैध रूप से बेचने तथा प्राप्त धनराशि को विभिन्न संपत्तियों एवं आभूषणों में निवेश किए जाने संबंधी जानकारी दी।

Join WhatsApp

आभूषण और संपत्ति संबंधी दस्तावेज जप्त

👉मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण एवं लगभग 03 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जप्त किए गए हैं। आरोपी अक्षय कुमार से भी संपत्ति संबंधी दस्तावेज जप्त किए गए हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है। आरोपियों द्वारा अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्यवाही भी पृथक रूप से की जाएगी।


घटनास्थल का पुनर्निर्माण

👉पुलिस द्वारा आरोपियों को खुर्सीपार गेट से एसएमएस-3 तक मुख्य घटनास्थल ले जाकर घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराया गया तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य संग्रहित किए गए। साथ ही चोरी के लोहे के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों के फर्जी नंबर प्लेट भी जप्त किए गए हैं। पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने पर गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आज दिनांक 22.06.2026 को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। प्रकरण में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। विवेचना जारी है।


आरोपी का नाम

1. संजय सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी खुर्सीपार, जिला दुर्ग।

2. अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा, उम्र 45 वर्ष, निवासी सेक्टर-02 भिलाई, जिला दुर्ग।

3. आकाश कुमार सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल, जिला दुर्ग।


जप्त सामग्री

1. लगभग 250 टन लोहे की प्लेट, बीम एवं स्क्रैप सामग्री।

2. परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी।

3. लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण।

4. लगभग 03 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज।

5. संपत्ति संबंधी अन्य दस्तावेज।

6. फर्जी नंबर प्लेट।


सराहनीय भूमिका

👉उक्त कार्यवाही में थाना खुर्सीपार, एसीसीयू दुर्ग एवं विवेचना टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त एवं सराहनीय भूमिका रही, जिनके द्वारा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए।


दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं औद्योगिक संस्थानों से अपील करती है कि औद्योगिक सामग्री, स्क्रैप अथवा अन्य संपत्तियों के अवैध क्रय-विक्रय एवं परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।


अगली खबर पढ़े 👉 SAIL Junior Manager Promotion 2026: CBT परीक्षा की तारीख घोषित, 5 जुलाई को होगा CBT


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *