Advertisement

दुर्ग पुलिस का पिंक पेट्रोलिंग अभियान: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जिलेभर में जागरूकता अभियान, सुरक्षा संवाद आयोजित

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में व्यापक पिंक पेट्रोलिंग अभियान चलाया।
  • इस दौरान प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
  • अभियान का उद्देश्य सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन को पुलिस सहायता तंत्र से जोड़ना रहा।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिलेभर में चला पिंक पेट्रोलिंग अभियान

👉महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा जिलेभर में “पिंक पेट्रोलिंग अभियान” प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न शहरी थाना क्षेत्रों में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों, महिला उप निरीक्षकों एवं पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।


प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बच्चों से किया संवाद

👉अभियान के दौरान मैत्री गार्डन, संडे मार्केट सुपेला, महमरा एनीकट, ट्रैफिक पार्क (सिविक सेंटर) भिलाई नगर सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पिंक पेट्रोलिंग कर महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों से संवाद स्थापित किया गया। उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, पुलिस सहायता सेवाओं एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।


डायल-112, हेल्पलाइन-1091, अभिव्यक्ति ऐप और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

👉पेट्रोलिंग के दौरान महिलाओं एवं बच्चों को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091, अभिव्यक्ति ऐप, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कर उसके उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।

Join WhatsApp

नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर दी समझाइश

👉अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर उन्हें रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा उनके अभिभावकों से अपील की गई कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें।


अभियान का उद्देश्य

👉दुर्ग पुलिस द्वारा संचालित पिंक पेट्रोलिंग अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना विकसित करना, उन्हें कानून एवं पुलिस सहायता तंत्र से जोड़ना तथा सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।


सराहनीय भूमिका

👉उक्त अभियान में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री आकर्षि कश्यप, विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला उप निरीक्षक (PSI), पिंक पेट्रोलिंग टीम, संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।


दुर्ग पुलिस की अपील

👉दुर्ग पुलिस सभी महिलाओं, बालिकाओं एवं आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करना, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। अभिव्यक्ति ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करें। साथ ही सभी अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में दोपहिया अथवा अन्य मोटर वाहन चलाने न दें तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।


अगली खबर पढ़े 👉 रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर चंदनडीह के समीप जलभराव एवं सिरसा गेट मार्ग बंद होने के कारण यातायात प्रभावित, नागरिकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी।


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *