भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन में दर्दनाक हादसा! 33 वर्षीय ठेका मजदूर की मौत; मशीन के बकेट में दबा मिला शव
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- सेल के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला हादसा सामने आया है।
- कोक ओवन बैटरी-5 एवं 6 के MCR-3 क्षेत्र में काम के दौरान एक ठेका मजदूर भारी मशीन के हिस्से में फंस गया।
- हादसे में 33 वर्षीय ललित कुमार साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
- घटना के बाद प्लांट परिसर से लेकर सेक्टर-9 अस्पताल तक अफरातफरी का माहौल रहा।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
BSP Workers Union ने जताया शोक, लगातार हो रहे हादसों पर उठाए गंभीर सवाल
👉BSP Workers Union (BWU) ने ललित कुमार साहू की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है। यूनियन ने संयंत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की है। BWU का कहना है कि संयंत्र में बढ़ती ठेकाप्रथा और नियमित कर्मियों की संख्या लगातार कम होने से मौजूदा कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों पर काम का दबाव बढ़ रहा है। यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि कम भुगतान, मजदूरों को निर्धारित वेतन समय पर या पूरी तरह नहीं मिलने, तथा ठेकेदारों द्वारा मजदूरों के वेतन के हिस्से की अवैध कटौती जैसी समस्याएं श्रमिकों पर आर्थिक दबाव बढ़ाती हैं। इसके अलावा मेडिकल के नाम पर मजदूरों को अनफिट किए जाने, लगातार ड्यूटी करवाए जाने और पर्याप्त आराम नहीं मिलने जैसे मुद्दों को भी यूनियन ने श्रमिकों के तनाव और सुरक्षा से जोड़ते हुए गंभीर चिंता का विषय बताया है। यूनियन के अनुसार, जब श्रमिक आर्थिक और मानसिक दबाव में काम करता है, तो औद्योगिक सुरक्षा के लिए जोखिम और बढ़ सकता है। यूनियन ने हादसे की गंभीर जांच और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया है।
कोक ओवन बैटरी-5 के MCR-3 एरिया में हुआ हादसा
👉प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा कोक ओवन एंड कोल केमिकल डिपार्टमेंट (CO&CCD) के अंतर्गत आने वाले COB-5 एवं 6 के MCR-3 क्षेत्र में हुआ। घटना के समय वहां ऑपरेशनल और हाउसकीपिंग से संबंधित कार्य चल रहा था। बताया गया है कि ललित कुमार साहू इसी दौरान स्किड-स्टियर लोडर/मिनी पोकलेन की चपेट में आ गए।
घटना के संबंध में सामने आई जानकारी के मुताबिक मशीन का बकेट उठा हुआ था और इसी दौरान ललित मशीन के सामने के हिस्से और बकेट के बीच फंस गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें मशीन से बाहर निकालने का प्रयास किया।
मशीन और बकेट के बीच फंसने से आई गंभीर क्रश इंजरी
👉प्रत्यक्ष रूप से सामने आई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ललित कुमार साहू का शरीर मशीन के सामने के हिस्से और बकेट के बीच फंसा हुआ पाया गया। बताया गया कि मशीन उस समय चालू अवस्था में थी। हादसे में उनके शरीर पर गंभीर दबाव पड़ा और उन्हें क्रश इंजरी हुई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से मेन मेडिकल पोस्ट (MMP) ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मजदूर उठे हुए बकेट के नीचे अथवा मशीन के खतरनाक क्षेत्र में कैसे पहुंचे, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दुर्घटना ने भारी मशीनरी के संचालन के दौरान वर्क-ज़ोन सेफ्टी, मशीन ऑपरेशन प्रोटोकॉल और हाउसकीपिंग कार्यों के दौरान श्रमिकों की सुरक्षित दूरी जैसे महत्वपूर्ण सवालों को सामने ला दिया है।
33 वर्षीय ललित कुमार साहू थे ठेका श्रमिक
👉मृतक की पहचान ललित कुमार साहू, उम्र 33 वर्ष, के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव के निवासी बताए जा रहे हैं और भिलाई स्टील प्लांट में उत्कल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के अधीन ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। बताया गया है कि ललित अपनी पत्नी निर्मला साहू के साथ राजनांदगांव क्षेत्र में रहते थे। हादसे में उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके रिश्तेदार और साथी मजदूर सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचे।
सेक्टर-9 अस्पताल की मर्च्यूरी में रखा गया शव
👉मेडिकल पोस्ट में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद ललित कुमार साहू के शव को सेक्टर-9 अस्पताल की मर्च्यूरी में रखा गया है। पुलिस की ओर से पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।हादसे की सूचना के बाद BSP के अधिकारी और ट्रेड यूनियन से जुड़े प्रतिनिधि भी घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
हादसे ने फिर खड़े किए BSP में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल!
👉खास तौर पर यह जांच का विषय होगा कि मशीन किस स्थिति में थी, बकेट क्यों उठा हुआ था, कार्यस्थल पर उस समय कौन-कौन से सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू थे, मशीन ऑपरेटर और आसपास काम कर रहे श्रमिकों के बीच समन्वय कैसा था तथा प्रतिबंधित/खतरनाक क्षेत्र में प्रवेश को रोकने के लिए क्या व्यवस्था थी।
इसके साथ ही ठेका श्रमिकों की संख्या, उनके प्रशिक्षण, सुरक्षा उपकरण, कार्य अवधि और पर्यवेक्षण जैसे पहलुओं की भी जांच महत्वपूर्ण होगी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी को लेकर अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
परिवार के सामने गहरा संकट, जांच के बाद स्पष्ट होगी हादसे की पूरी तस्वीर
👉33 वर्षीय ललित कुमार साहू की मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ओर परिवार अपने सदस्य को खोने के दर्द से गुजर रहा है, वहीं दूसरी ओर यह हादसा BSP में कार्यरत ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर बहस को जन्म देता है।
अगली खबर पढ़े 👉 सूर्या टीआई मॉल के स्पा सेंटर में दुर्ग पुलिस की औचक दबिश, 7 युवतियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई!
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

