सेक्टर-06 सहकारी सोसायटी - 9% ब्याज दर

सेल के 12 अधिकारियों की समयपूर्व सेवानिवृत्ति पर सवाल! सांसद विजय बघेल से हस्तक्षेप की मांग

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • सेल के 12 कार्यपालक अधिकारियों के विरुद्ध जारी समयपूर्व सेवानिवृत्ति के आदेश को लेकर अधिकारियों के संगठन ने अब राजनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप की मांग उठाई है
  • सेल सीडीए नियम, 1977 के खंड 4.0(3) तथा एफ.आर. 56(j)(i) के अंतर्गत जारी इन आदेशों को वापस लेने की मांग को लेकर सेफी चेयरमेन एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन, बीएसपी के पदाधिकारियों ने लोकसभा सांसद माननीय श्री विजय बघेल से आवश्यक हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।
  • संगठन का कहना है कि ऐसे गंभीर निर्णयों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और वस्तुनिष्ठता सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

12 अधिकारियों के समयपूर्व सेवानिवृत्ति आदेश वापस लेने की मांग

👉सेल के 12 अधिकारियों के विरुद्ध जारी समयपूर्व सेवानिवृत्ति आदेशों को लेकर सेफी की ओर से सांसद श्री विजय बघेल को पत्र प्रेषित किया गया है। पत्र के माध्यम से 12 कार्यपालक अधिकारियों के विरुद्ध जारी आदेशों के पुनर्विचार एवं उन्हें वापस लेने की मांग की गई है।

इस्पात कर्मचारी सोसायटी

इस संबंध में सेफी चेयरमेन एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन, बीएसपी के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बंछोर, ओए-बीएसपी के महासचिव श्री अंकुर मिश्रा एवं सेफी नॉमिनी श्री अखिलेश मिश्रा ने सांसद श्री विजय बघेल से आवश्यक हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।


समयपूर्व सेवानिवृत्ति के प्रावधान के इस्तेमाल पर उठे सवाल

👉पत्र में कहा गया है कि लोकहित में समयपूर्व सेवानिवृत्ति का प्रावधान एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था है, लेकिन इसका प्रयोग अत्यंत सावधानी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाना आवश्यक है।

Join WhatsApp

संगठन के अनुसार, इस प्रकार के निर्णय का प्रभाव केवल संबंधित अधिकारियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उनके परिवारों पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। साथ ही, ऐसे निर्णयों से संगठन में अधिकारियों के मनोबल, विश्वास एवं कार्यक्षमता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।


“C” ग्रेड की भूमिका की भी समीक्षा की मांग

👉सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बंछोर ने कहा कि समयपूर्व सेवानिवृत्ति जैसे गंभीर निर्णयों में पर्याप्त पारदर्शिता एवं वस्तुनिष्ठता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कार्य निष्पादन मूल्यांकन में दिए जाने वाले ग्रेड, विशेष रूप से “C” ग्रेड, यदि ऐसे निर्णयों को प्रभावित करते हैं तो उसकी भी समुचित समीक्षा होनी चाहिए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि मूल्यांकन अधिकारी के वास्तविक योगदान एवं कार्य निष्पादन को निष्पक्ष रूप से प्रतिबिंबित करे।


उचित विभागीय प्रक्रिया का पालन जरूरी: अंकुर मिश्रा

👉ओए-बीएसपी महासचिव श्री अंकुर मिश्रा ने कहा कि किसी भी अधिकारी के विरुद्ध सत्यनिष्ठा, आचरण अथवा चिकित्सकीय रूप से कार्य करने की क्षमता से संबंधित कोई वास्तविक चिंता होने पर संबंधित सेल नीतियों के अंतर्गत निर्धारित विभागीय, सतर्कता अथवा चिकित्सकीय प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी के सेवाकाल को इस प्रकार समाप्त करने से पूर्व उचित प्रक्रिया एवं प्रभावी समीक्षा का अवसर मिलना आवश्यक है।


अधिकारियों में सेवा सुरक्षा और निष्पक्षता का विश्वास जरूरी

👉सेफी नॉमिनी श्री अखिलेश मिश्रा ने कहा कि अधिकारियों के बीच सेवा की सुरक्षा, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता का विश्वास बनाए रखना संगठनात्मक कार्यक्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपनाते हुए उचित समाधान निकाला जाएगा।


सांसद विजय बघेल से किन मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग

👉पत्र के माध्यम से सांसद श्री विजय बघेल से मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है। इनमें 12 कार्यपालक अधिकारियों के विरुद्ध जारी अनुचित व औचित्यहीन समयपूर्व सेवानिवृत्ति आदेशों को वापस करवाना, कार्य निष्पादन मूल्यांकन प्रणाली एवं विशेष रूप से “C” ग्रेड दिए जाने की प्रक्रिया की समीक्षा करना तथा समयपूर्व सेवानिवृत्ति की शक्ति के प्रयोग के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी दिशा-निर्देश सुनिश्चित करना शामिल है।


अधिकारियों के हित में सकारात्मक पहल की उम्मीद

सेफी एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय सांसद श्री विजय बघेल इस विषय की गंभीरता को देखते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करेंगे तथा अधिकारियों के हित में न्यायोचित समाधान सुनिश्चित कराने में सहयोग प्रदान करेंगे।


अगली खबर पढ़े 👉 नुआखाई मिलन समारोह में सांसद विजय बघेल ने कहा—“भिलाई मिनी भारत”, ओडिशा की संस्कृति ने बांधा समां


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *