भिलाई में करोड़ों के विकास कार्यों को हरी झंडी! नंदिनी रोड का होगा चौड़ीकरण, सीवर लाइन और सड़क निर्माण के प्रस्तावों पर सहमति
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई में सड़क, सीवरेज और सफाई व्यवस्था से जुड़े विकास कार्यों को लेकर नगर निगम ने अहम पहल की है।
- महापौर परिषद की बैठक में करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों पर सहमति बनी।
- वहीं, संपत्तिकर और अन्य राजस्व की वसूली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नया सॉफ्टवेयर लागू करने की तैयारी भी की जा रही है।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
महापौर परिषद की बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा
👉नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, राजस्व वसूली व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर परिषद के सदस्यों ने सभी विषयों पर विचार-विमर्श करने के पश्चात संबंधित कार्यों को कराए जाने के लिए सर्वसम्मति से अनुशंसा प्रदान की।
राजस्व वसूली के लिए नया सॉफ्टवेयर होगा लागू
👉बैठक के प्रथम चरण में निकाय के संपत्तिकर, राजस्व कर एवं विभिन्न शुल्कों की वसूली से संबंधित आंकड़ों के संचालन एवं प्रबंधन में विश्वसनीयता और गुणवत्ता को मजबूत करने के उद्देश्य से वर्तमान निजी एजेंसी द्वारा उपयोग किए जा रहे सॉफ्टवेयर के स्थान पर नया सॉफ्टवेयर लागू करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। निकाय द्वारा अनुमोदित एक्सिस बैंक के माध्यम से विकसित सॉफ्टवेयर का समुचित परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण में सफल एवं उपयुक्त पाए जाने पर इसी सॉफ्टवेयर का उपयोग राजस्व करों की वसूली के लिए किए जाने पर महापौर परिषद ने सहमति प्रदान की। इससे राजस्व संबंधी आंकड़ों के बेहतर प्रबंधन और वसूली प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। इसी प्रकार 15वें वित्त आयोग अंतर्गत मिलियन प्लस सिटी के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने आधुनिक वाहनों/मशीनों से सफाई व्यवस्था एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
सड़क निर्माण और सीवरेज कार्यों के प्रस्तावों पर सहमति
👉15वें वित्त आयोग के मिलियन प्लस सिटी अंतर्गत अनटाइड ग्रांट एवं टाइड ग्रांट के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन घटक के तहत विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इसमें जोन क्रमांक-2 अंतर्गत सीमेंटीकरण रोड निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये, वार्ड क्रमांक 20, 21 एवं 23 में सीवर लाइन बिछाने के लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 24 हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में सीवरेज नवीनीकरण एवं नवीन सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए 1 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति एवं निविदा आमंत्रित करने की अनुमति के लिए महापौर परिषद ने अनुशंसा प्रदान की।
नंदिनी रोड का होगा चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण
👉मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना मद अंतर्गत शहर के महत्वपूर्ण मार्ग नंदिनी रोड का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। जोन क्रमांक-3 में एसीसी चौक से पावर हाउस चौक तक नंदिनी रोड का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कुल 2 करोड़ 79 लाख 90 हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा। इस कार्य से मार्ग की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
शहर के विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की तैयारी
👉बैठक में लिए गए इन निर्णयों से शहर की सड़क अधोसंरचना, सीवरेज व्यवस्था, सफाई संसाधनों एवं राजस्व प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। निगम द्वारा स्वीकृत एवं अनुशंसित कार्यों को नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूर्ण कराकर धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य किया जाएगा। बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, एकांश बंछोर, चंद्रशेखर गवई, मन्नान गफ्फार खान उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे उपायुक्त दिनेश कोसरिया, तरुणपाल लहरे, विजय पांडेय, सीमा बक्शी, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सुनील जैन, अनिल सिंह, अरविन्द शर्मा, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू, बी एल असाटी, धर्मेन्द्र मिश्रा, दिलीप कुर्वे, राजेश पालवे एवं देवव्रत राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई में अतिरिक्त निर्माण को टोकन मनी पर नियमित करने की उठी मांग, BSP प्रबंधन से कर्मचारियों और दुकानदारों को बड़ी राहत देने की अपील..
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।


https://www.findreal.me : Free science‑backed assessments for personality, career, IQ & EQ. Private instant results. Uncover your true self right now.