रामेश्वरम की भव्य झांकी से सजेगा दुर्ग का गणेश महोत्सव 2026, सांसद विजय बघेल ने किया भूमि पूजन, तैयारियां शुरू
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- दुर्ग। दक्षिण कौशल गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित होने वाले गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ सोमवार को मिनी स्टेडियम, पदमनाभपुर (दुर्ग) में भूमि पूजन के साथ किया गया।
- वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भगवान श्री गणेश से प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
- इस वर्ष महोत्सव का मुख्य आकर्षण रामेश्वरम तीर्थ की भव्य प्रतिकृति होगी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
भूमि पूजन के साथ हुआ गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ
👉दक्षिण कौशल गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ सोमवार को मिनी स्टेडियम, पदमनाभपुर (दुर्ग) में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पंडितों के सान्निध्य में पूजा-अर्चना कर भगवान श्री गणेश से प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
सांसद विजय बघेल ने कारीगरों की कला और मेहनत की सराहना की
👉भूमि पूजन के पश्चात सांसद श्री बघेल ने महोत्सव की तैयारियों का अवलोकन किया तथा पंडाल निर्माण में जुटे बंगाल से आए शिल्पकारों एवं कारीगरों से आत्मीय चर्चा कर उनकी कला, अनुभव और निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने कारीगरों की मेहनत एवं भारतीय पारंपरिक शिल्पकला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कलाकार हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का महापर्व है गणेश महोत्सव
👉सांसद श्री बघेल ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का भी महापर्व है। ऐसे आयोजन समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हैं तथा हमारी गौरवशाली भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
इस वर्ष का मुख्य आकर्षण होगा रामेश्वरम तीर्थ का भव्य स्वरूप
👉समिति के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष गणेश महोत्सव का मुख्य आकर्षण रामेश्वरम तीर्थ की भव्य प्रतिकृति होगी। विशाल पंडाल में रामेश्वर मंदिर, धनुषकोडी, रामसेतु, श्रीलंका द्वीप का प्रतीकात्मक स्वरूप, 22 पवित्र तीर्थ कुंड, अग्नि तीर्थ तथा विश्व प्रसिद्ध 1008 स्तंभों वाले मंदिर परिसर की आकर्षक झांकियां तैयार की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन का दूसरा वर्ष है और इस बार श्रद्धालुओं को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभव एक ही स्थान पर प्राप्त होगा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर से महोत्सव प्रारंभ होगा, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
👉भूमि पूजन समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी विश्वास चंद्राकर, एम.आई.सी. सदस्य लिलेश अग्रवाल, पार्षद संजय अग्रवाल, लीलाधर पाल, रत्नाकर राव, राजेश शर्मा, राजेंद्र सिंह भाटिया, पवन चंद्राकर, संतोष सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और उपस्थित जनसमुदाय ने भगवान श्री गणेश के जयघोष के साथ महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ किया।
अगली खबर पढ़े 👉 BSP सेवानिवृत्त कार्मिकों ने तेज किया आंदोलन, टाउनशिप की समस्याओं से लेकर महिलाओं की सुरक्षा तक उठाए सवाल
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

