“एक पेड़ माँ के नाम, एक सोखता संतान के नाम” अभियान से हरियाली और जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा: सांसद विजय बघेल
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- दुर्ग, 06 मई 2026। लोकसभा सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई।
- बैठक में सांसद श्री बघेल ने निर्देशित किया कि जिले में राज्य और केंद्र शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचे।
- उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
पौधारोपण और जल संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश
👉सांसद श्री विजय बघेल ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने पर जोर देते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” तथा “एक सोखता संतान के नाम” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनने वाले मकानों में पौधारोपण को प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही नगरीय निकायों में भवन निर्माण की अनुमति देते समय वर्षा जल संचयन व्यवस्था को अनिवार्य रूप से प्रोत्साहित किया जाए। सांसद ने नगरीय निकायों के आयुक्तों को स्वयं क्षेत्र में जाकर कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए तथा ग्राम पंचायतों में भी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने पर बल दिया।
मनरेगा और आजीविका मिशन के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
बैठक में सांसद श्री बघेल ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत प्रत्येक गांव में कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही राष्ट्रीय आजीविका मिशन के अंतर्गत दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि निकुम, जेवरा-सिरसाखुर्द-भटगांव, चंदखुरी-कोलिहापुरी-पीसेगांव, अंजोरा-ढाबा, मोतीमपुर, ओदरागहन-सुरपा एवं कौही-रानीतराई समूह जलप्रदाय योजनाओं पर कार्य जारी है। सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि लोगों को शुद्ध पेयजल जैसी समस्या से निजात दिलाने के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग पर विशेष प्राथमिकता दी जाए।
कृषि, पशुपालन और सड़क निर्माण कार्यों को लेकर दिए निर्देश
सांसद श्री बघेल ने कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए समय पर खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत बारिश से पहले गांव-गांव में शिविर लगाकर पशुओं का टीकाकरण प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा। इसके अलावा राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जर्जर सड़कों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुधारने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खराब सड़कों का निरीक्षण कर शीघ्र सुधार कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों की दी गई जानकारी
बैठक में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, सांसद आदर्श ग्राम योजना, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण 1.0 एवं 2.0, अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन 2.0, जल जीवन मिशन, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, समग्र शिक्षा, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी।
मनरेगा के तहत लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बजरंग दुबे ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 100 प्रतिशत मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं। वहीं मार्च 2026 से मई 2026 तक 65 प्रतिशत मानव दिवस उपलब्ध कराए गए हैं। सांसद श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष अवधि में कार्यों में और तेजी लाई जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने प्रत्येक गांव में मनरेगा के तहत कार्य प्रारंभ करने और जरूरतमंदों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी और बाल कल्याण योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में बताया गया कि जिले में 1550 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें से 1171 आंगनबाड़ी केंद्र स्वयं के भवनों में संचालित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री केयर्स चिल्ड्रन योजना के अंतर्गत जिले में 17 बच्चे चिन्हांकित हैं जिन्हें योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अलावा स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत बच्चों को शिक्षा प्रदान किए जाने हेतु प्रतिमाह चार हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस योजना के तहत जिले में 62 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का दिया आश्वासन
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए जिले में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने के निर्देश भी दिए। बैठक में आयुक्त नगर निगम दुर्ग श्री सुमित अग्रवाल, आयुक्त नगर निगम रिसाली श्रीमती मोनिका वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, जनपद पंचायत सदस्यगण, समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अगली खबर पढ़े 👉 सड़क सुरक्षा को लेकर सांसद विजय बघेल की बड़ी पहल, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

