सेक्टर-06 सहकारी सोसायटी - 9% ब्याज दर

कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालु, लौटे तो गायब मिली बाइक-स्कूटी: जयंती स्टेडियम में 7 दोपहिया चोरी से हड़कंप!

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • भिलाई के जयंती स्टेडियम में शिव महापुराण कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए जहां सात दिन आस्था और भक्ति से भरे रहे, वहीं इसी दौरान वाहन चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दिया।
  • 17 से 23 अगस्त के बीच कथा स्थल और आसपास से 7 दोपहिया वाहन चोरी होने के मामले सामने आए हैं।
  • इनमें पांच बाइक और दो स्कूटी शामिल हैं।
  • श्रद्धालु कथा सुनकर जब बाहर निकले तो पार्किंग या सड़क किनारे खड़े उनके वाहन गायब मिले।
  • लगातार सामने आए मामलों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

सात दिनों में सात वाहन चोरी, करीब 1.38 लाख का नुकसान

👉पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के दौरान जयंती स्टेडियम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान अलग-अलग दिनों में वाहन चोरी की शिकायतें सामने आईं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार चोरी हुए सात दोपहिया वाहनों की कुल कीमत करीब 1.38 लाख रुपये आंकी गई है। चोरी की घटनाएं केवल निर्धारित पार्किंग तक सीमित नहीं रहीं। कुछ वाहन पार्किंग क्षेत्र से, जबकि कुछ सड़क किनारे और हैलीपैड के आसपास से चोरी किए गए। इससे आशंका बढ़ी है कि आरोपियों ने कथा स्थल की भीड़, पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही का पहले से जायजा लिया हो सकता है।


चार घंटे बाद लौटे तो गायब थी बाइक

👉20 अगस्त को टी. चंदु अपनी पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे अपनी होंडा बाइक खड़ी की और पंडाल में चले गए। कथा सुनने के बाद दोपहर करीब 3 बजे जब वे वापस लौटे तो बाइक अपनी जगह पर नहीं मिली। 


एक ही दिन में दो बाइक चोरी

👉22 अगस्त को भी वाहन चोरी के दो मामले सामने आए। शंकर लाल और दर्शन लाल अपनी-अपनी हीरो पैशन प्रो बाइक खड़ी कर कथा सुनने गए थे। शाम को जब दोनों वापस लौटे तो बाइक वहां नहीं थीं।

Join WhatsApp

सिर्फ 15 मिनट में स्कूटी हुई पार

👉वाहन चोरी का एक मामला ऐसा भी है, जिसमें आरोपी ने बेहद कम समय में वारदात को अंजाम दिया। देव कुमार ने रात करीब 9 बजे अपनी होंडा डियो स्कूटी खड़ी की और कथा पंडाल में चले गए। करीब 15 मिनट बाद वापस लौटे तो स्कूटी वहां से गायब थी।


हैलीपैड और गणेश द्वार के आसपास भी चोरी

👉वाहन चोरों ने कथा स्थल के अलग-अलग हिस्सों को निशाना बनाया। आशीष चंदेल की स्प्लेंडर प्लस हैलीपैड के पास से चोरी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं चुम्मन लाल की स्प्लेंडर प्लस भी हैलीपैड क्षेत्र से चोरी हुई। इसके अलावा ज्योति की एक्टिवा गणेश द्वार के पास से गायब हो गई। उनकी स्कूटी की डिक्की में आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित जरूरी दस्तावेज रखे थे। ऐसे में वाहन चोरी के साथ जरूरी व्यक्तिगत दस्तावेजों के भी गलत हाथों में पहुंचने की चिंता बढ़ गई है।


क्या किसी संगठित वाहन चोर गिरोह का हाथ?

👉लगातार सात वाहनों के चोरी होने के बाद पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित वाहन चोर गिरोह सक्रिय है या अलग-अलग आरोपी मौका देखकर वारदात कर रहे हैं। बड़ी धार्मिक कथा के दौरान हजारों लोगों की आवाजाही और वाहनों की भारी संख्या को देखते हुए वाहन चोरों के लिए भीड़ का फायदा उठाना आसान हो सकता है। पुलिस अब घटनाओं के समय, स्थान और CCTV फुटेज में नजर आने वाले संदिग्धों के बीच कनेक्शन तलाश रही है।


CCTV फुटेज से मिल सकता है अहम सुराग

👉सभी शिकायतों पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कथा स्थल, पार्किंग क्षेत्र, आसपास की सड़कों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।


अगली खबर पढ़े 👉 सुपेला-गदा चौक फ्लाईओवर पर व्यापारियों का विरोध, सांसद से पुनः समीक्षा की मांग!


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *