BSP URM हादसा : घटना स्थल पर पहुंची बीएसपी वर्कर्स यूनियन, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के यूनिवर्सल रेल मिल (URM) विभाग में क्रेन क्रमांक-407 पर कार्य के दौरान विद्युत करंट लगने से कर्मचारी स्वर्गीय श्री विनोद कुमार की हुई दुखद मृत्यु के बाद बीएसपी वर्कर्स यूनियन (BWU) ने हादसा स्थल का निरीक्षण किया।
- यूनियन प्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर घटना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
“ईमानदार, कर्मठ, कुशल और मददगार कर्मचारी थे विनोद कुमार” — यूआरएम प्रबंधन
👉बैठक के दौरान यूआरएम विभाग के सी.जी.एम. श्री योगेश शास्त्री ने स्वर्गीय श्री विनोद कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे अत्यंत ईमानदार, कुशल, मेहनती, कर्तव्यनिष्ठ एवं मिलनसार कर्मचारी थे। वे सदैव अपने सहयोगियों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उनके असामयिक निधन से यूआरएम विभाग ने अपना एक अत्यंत दक्ष एवं समर्पित कर्मचारी खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। इस घटना से पूरा विभाग गहरे सदमे में है।
इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी की मुलाकात
👉बीएसपी वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधियों ने इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी मुलाकात कर घटना की जानकारी प्राप्त की। सभी सहकर्मियों ने स्वर्गीय श्री विनोद कुमार को एक निष्ठावान, कर्मठ, ईमानदार एवं सहयोगी कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका निधन पूरे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। कर्मचारियों ने भावुक होकर कहा कि वे सदैव दूसरों की सहायता के लिए आगे रहने वाले व्यक्तित्व के धनी थे।
विभागीय और शासकीय स्तर पर चल रही है गहन जांच
👉यूआरएम के मुख्य महाप्रबंधक श्री योगेश शास्त्री ने प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया कि दुर्घटना की विभागीय स्तर पर गहन जांच की जा रही है। साथ ही विभिन्न शासकीय एजेंसियां भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष एवं व्यापक जांच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मृतक परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि विभाग उनकी हरसंभव सहायता एवं सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
BWU ने निष्पक्ष जांच और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग
👉बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने भी स्वर्गीय श्री विनोद कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यूनियन इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। यूनियन ने अपेक्षा व्यक्त की कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी हो तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
निरीक्षण एवं बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
👉निरीक्षण एवं बैठक में बीएसपी वर्कर्स यूनियन (BWU) के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष श्री उज्जवल दत्ता, कार्यकारी महासचिव श्री शिव बहादुर सिंह, अतिरिक्त महासचिव श्री टी. दिलेश्वर राव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री शेख मेहमूद, श्री कृष्णमूर्ति, उप महासचिव राजकुमार सिंह, अभिषेक सिंह, प्रदीप सिंह, मनोज डडसेना, संदीप सिंह, विमल कांत पांडे, सचिव रेजी कुमार, एस.बी. के. रेड्डी, जी.पी. पांडियन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अगली खबर पढ़े 👉 Bhilai Crime: स्कूल विद्यार्थियों को डराकर पैसे वसूलने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

