Advertisement

Bhilai Crime: स्कूल विद्यार्थियों को डराकर पैसे वसूलने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोककर मारपीट, गाली-गलौज करने और शराब पीने के लिए पैसे मांगकर उन्हें डराने-धमकाने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
  • वहीं, इस मामले में शामिल दो अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से वैधानिक कार्रवाई की गई है।
  • पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक लकड़ी का हॉकी स्टिक भी जप्त किया है।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

स्कूल विद्यार्थियों से मारपीट और पैसे मांगने का मामला

👉थाना खुर्सीपार क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को कुछ युवक रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट एवं गाली-गलौज करते थे। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा विद्यार्थियों से शराब पीने के लिए पैसे भी मांगे जाते थे। पैसे नहीं देने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता था और मारपीट की जाती थी।


शिकायत मिलने पर दर्ज हुआ अपराध

👉दिनांक 13.07.2026 को रात्रि लगभग 20:40 बजे प्रार्थी मोहम्मद शब्बीर, निवासी खुर्सीपार, द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि खुर्सीपार क्षेत्र के कुछ युवक स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोककर परेशान करते हैं, उनके साथ मारपीट एवं गाली-गलौज करते हैं तथा शराब पीने के लिए पैसों की मांग करते हैं। पैसे नहीं देने पर विद्यार्थियों के साथ मारपीट कर उन्हें भयभीत किया जाता है।

प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 273/2026 पंजीबद्ध कर धारा 119(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत विवेचना प्रारंभ की गई।

Join WhatsApp

पुलिस ने स्कूल समय में की कार्रवाई

👉मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल समय में घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की गई। प्रार्थी एवं पीड़ित विद्यार्थियों से आरोपियों की पहचान कराई गई, जिसमें युवराज साहू एवं शेखर गुप्ता की पहचान हुई।

पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर दोनों आरोपियों को 14.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा प्राप्त होने पर जेल भेज दिया गया। वहीं, प्रकरण में संलिप्त दो अपचारी बालकों के विरुद्ध पृथक से किशोर न्याय अधिनियम के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।


घटनास्थल

👉यह घटना मदनी मस्जिद के पास, मदरसा जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई क्षेत्र की है।


गिरफ्तार आरोपी

  • युवराज साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नगर, खुर्सीपार, भिलाई।
  • शेखर गुप्ता, उम्र 21 वर्ष, निवासी एच.सी.एल. कॉलोनी, तेलहा नाला के पास, नंबर-04, खुर्सीपार, भिलाई।
  • 02 अपचारी बालक।

जप्त सामग्री

  • 02 मोटर सायकल।
  • 01 नग लकड़ी का हॉकी स्टिक।

सराहनीय भूमिका

👉उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी खुर्सीपार निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं थाना खुर्सीपार के समस्त पुलिस स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी भूमिका रही।


दुर्ग पुलिस की अपील

👉दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों, पालकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मारपीट, धमकी, वसूली, गाली-गलौज अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।


अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई निगम का बड़ा एक्शन: सुपेला परदेशी चौक में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सड़क कराई गई अतिक्रमण मुक्त


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *