सेक्टर 6 इस्पात कर्मचारी क्रेडिट सोसायटी विज्ञापन विज्ञापन

दुर्ग में अब हर ऑटो-ई-रिक्शा की होगी डिजिटल पहचान! QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी चालक और वाहन की पूरी जानकारी, महिलाओं की सुरक्षा को मिलेगा अतिरिक्त भरोसा

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • दुर्ग जिले में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए दुर्ग पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।
  • अब जिले में संचालित पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा पर विशेष QR कोड स्टिकर लगाए जाएंगे, जिन्हें मोबाइल से स्कैन करते ही संबंधित वाहन और चालक की सत्यापित जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
  • इस डिजिटल व्यवस्था से न केवल सार्वजनिक परिवहन में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि महिलाओं और बच्चों सहित आम यात्रियों को भी सफर के दौरान सुरक्षा का अतिरिक्त भरोसा मिलेगा।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

एसएसपी विजय अग्रवाल ने QR कोड स्टिकर लगाकर दिखाई हरी झंडी

👉उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देशन में दुर्ग पुलिस द्वारा ई-रिक्शा चालकों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित करने एवं ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में दिनांक 22 नवंबर 2026 को ई-रिक्शा डिजिटल QR कोड एवं पहचान पत्र (ID Card) वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल द्वारा ई-रिक्शा चालकों को विशेष QR कोड एवं डिजिटल पहचान पत्र वितरित किए गए। उन्होंने ऑटो में QR कोड स्टिकर लगाकर एवं हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना भी किया।


QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी वाहन और चालक की सत्यापित जानकारी

👉इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक पंजीकृत ई-रिक्शा को एक विशिष्ट QR कोड प्रदान किया जा रहा है, वहीं चालक को भी डिजिटल पहचान पत्र उपलब्ध कराया जा रहा है। ई-रिक्शा में लगाए गए QR कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर आम नागरिकों एवं यात्रियों को संबंधित ई-रिक्शा तथा उसके चालक की सत्यापित जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इससे यात्रियों को वाहन एवं चालक की पहचान करने में सुविधा मिलेगी तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी। इस डिजिटल व्यवस्था का विशेष लाभ महिला यात्रियों एवं अन्य नागरिकों को मिलेगा। साथ ही ई-रिक्शा से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा आवश्यकता पड़ने पर वाहन एवं चालक की पहचान करने में भी सुविधा होगी।


महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को मिलेगी प्राथमिकता

👉ऑटो रिक्शा में QR कोड लगाना केवल एक तकनीकी पहल नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा, पारदर्शिता और पुलिस जनसहयोग को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल से विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों के लिए यात्रा के दौरान सुरक्षा का अतिरिक्त भरोसा मिलेगा। किसी संदिग्ध स्थिति या आपातकाल में पुलिस तक सूचना पहुँचाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान में भी यह व्यवस्था सहायक होगी। इसका उद्देश्य ऑटो यात्रा को अधिक सुरक्षित, भरोसेमंद एवं जवाबदेह बनाना है। डिजिटल पुलिसिंग तकनीक के माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Join WhatsApp

नशे के कारोबार के खिलाफ जागरूकता अभियान का भी संदेश

👉आज के इस कार्यक्रम में दुर्ग पुलिस द्वारा चलाये जा रहे नशे के कारोबार को रोकने एवं नशे के विरुद्ध कार्यवाही करने लोगो के बीच नशे के विरुद्ध सूचना देने आम नगरीको के जारी किये गये हेल्पलाइन नंबर सम्बंधित स्टिकर सभी ऑटो एवं ई रिक्शा में लगाया गया। उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल द्वारा ऑटो में दुर्ग पुलिस के नशे के कारोबार को रोकने के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान और हेल्पलाइन नंबर का स्टिकर भी लगाया गया। इस पहल के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के वाहनों को नशे के खिलाफ जागरूकता और जनसहयोग का माध्यम बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आम नागरिक भी नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभा सकें।


जनहित आर. फाउंडेशन और आरोग्यम हॉस्पिटल का विशेष सहयोग

👉इस संपूर्ण डिजिटल व्यवस्था के तकनीकी संचालन एवं क्रियान्वयन में जनहित आर. फाउंडेशन (JANHIT R. FOUNDATION) की तकनीकी टीम एवं आरोग्य हॉस्पिटल भिलाई द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है। फाउंडेशन द्वारा इस पहल के लिए आवश्यक डिजिटल तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई गई है। आज के कार्यक्रम में डॉक्टर नवीन राम दारूका (सीईओ आरोग्य हॉस्पिटल), सुमित घोसाल (जनरल मैनेजर आरोग्य हॉस्पिटल), ऑटो एवं ई रिक्शा के अध्यक्ष उपस्थित रहे। इस आयोजन में आरोग्यम हॉस्पिटल का विशेष योगदान रहा।


एक सप्ताह में सभी ऑटो और ई-रिक्शा पर लगाए जाएंगे QR कोड

👉दुर्ग पुलिस की इस पहल को जिलेभर में लागू करने की तैयारी है। आगामी एक सप्ताह में जिले में संचालित सभी ऑटो एवं ई रिक्शा में QR कोड स्टिकर लगाया जायेगा एवं आई कार्ड वितरण किया जायेगा। इससे जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को डिजिटल पहचान से जोड़ने और यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।


सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था की दिशा में पहल

👉दुर्ग पुलिस की यह पहल जिले में सुरक्षित, पारदर्शी एवं भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। QR कोड आधारित पहचान प्रणाली से यात्रियों को वाहन और चालक की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी, वहीं चालकों की डिजिटल पहचान से जवाबदेही भी मजबूत होगी।


अगली खबर पढ़े 👉 अब भिलाई के सभी Indian Coffee House में चलेगा Sodexo, यूनियन की पहल पर शुरू हुई सुविधा!

रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *