इस्पात कोऑपरेटिव सेक्टर 6 सोसाइटी चुनाव - 9% गारंटी पैनल विज्ञापन

SAIL NEWS: डिप्लोमा इंजीनियर्स के मुद्दों पर CGM (HR) से हुई अहम चर्चा, Qualification Based Incentive से लेकर E0 परीक्षा तक उठीं ये 6 बड़ी मांगें!

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • भिलाई स्टील प्लांट में डिप्लोमा इंजीनियर्स कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन, भिलाई के प्रतिनिधिमंडल ने CGM (HR) श्री ओझा से मुलाकात की।
  • इस बैठक में Qualification Based Incentive में बढ़ोतरी, E0 (Junior Manager) परीक्षा के परिणाम में देरी, ईमानदार अभ्यर्थियों के साथ न्याय, पदोन्नति के अवसरों में वृद्धि और कर्मचारी सुविधाओं में सुधार जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए।
  • बैठक के दौरान CGM (HR) ने विभिन्न मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

Qualification Based Incentive में बढ़ोतरी एवं संशोधन की मांग

👉प्रतिनिधिमंडल ने Qualification Based Incentive Policy में प्रोत्साहन राशि बढ़ाने तथा नीति में आवश्यक संशोधन करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन ने कहा कि उच्च शैक्षणिक योग्यता हासिल करने वाले कर्मचारियों को उनकी योग्यता के अनुरूप बेहतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए, जिससे कर्मचारियों में आगे पढ़ने, अपनी शैक्षणिक योग्यता बढ़ाने और व्यावसायिक विकास के प्रति प्रोत्साहन मिले। इस संबंध में पूर्व में दिए गए पत्र पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया। CGM (HR) ने बताया कि इस विषय पर पहले से कार्रवाई चल रही है तथा उच्च स्तर पर भी चर्चा की जा रही है।


E0 (Junior Manager) परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने एवं ईमानदार अभ्यर्थियों के साथ न्याय की मांग

👉दिनांक 5 जुलाई को आयोजित E0 (Junior Manager) की लिखित परीक्षा के चार महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद परिणाम घोषित नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल ने चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर्स ने कई महीनों तक कड़ी मेहनत की, अपना बहुमूल्य समय दिया और पूरी लगन एवं उम्मीद के साथ तैयारी की है। ऐसे में परिणाम में अनावश्यक देरी अथवा सामूहिक रूप से परीक्षा निरस्त किए जाने की स्थिति से उन ईमानदार अभ्यर्थियों की मेहनत पर पानी फिर सकता है, जिनका किसी भी प्रकार की अनियमितता से कोई संबंध नहीं है।


एसोसिएशन ने स्पष्ट मांग रखी कि यदि किसी विशेष यूनिट अथवा परीक्षा केंद्र पर अनियमितता की शिकायत सामने आई है, तो CCTV फुटेज एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित केंद्रों की जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध उचित एवं कठोर कार्रवाई की जाए। लेकिन कुछ केंद्रों पर हुई कथित गड़बड़ियों के कारण सभी यूनिटों के अभ्यर्थियों की परीक्षा निरस्त करना या उन्हें सामूहिक रूप से दंडित करना उचित नहीं होगा। जिन अभ्यर्थियों ने पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ परीक्षा दी है, उनके साथ न्याय होना चाहिए तथा उनकी मेहनत और भविष्य सुरक्षित रहना चाहिए।

Join WhatsApp

इस पर CGM (HR) श्री ओझा ने बताया कि यह विषय सेल स्तर का है तथा विजिलेंस की जांच पहले से चल रही है। विजिलेंस से प्राप्त सलाह के आधार पर ही सेल मैनेजमेंट आगे का निर्णय लेगा। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी अनुरोध किया कि जांच निष्पक्ष एवं साक्ष्य आधारित हो, दोषियों पर उचित कार्रवाई हो तथा आगामी 2028 बैच की परीक्षा पर इस प्रकरण का कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।


Junior Manager पदों पर चयन का दायरा बढ़ाने की मांग

👉प्रतिनिधिमंडल ने Junior Manager पदों के लिए वर्तमान में निर्धारित कुल अभ्यर्थियों की संख्या के 2 प्रतिशत चयन सीमा को बढ़ाकर 4 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा, ताकि अधिक योग्य एवं मेहनती डिप्लोमा इंजीनियर्स को उच्च पदों पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।


RFID कार्ड में Emergency Contact Number का प्रावधान

👉कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कर्मचारी के RFID कार्ड में परिवार के किसी सदस्य का Emergency Contact Number दर्ज करने की मांग रखी गई, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में कर्मचारी के परिजनों से तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके। इस पर CGM (HR) ने आवश्यक प्रावधान के लिए कार्रवाई करने की बात कही।


BSP Telephone Directory में Non-Executive कर्मचारियों के नंबर शामिल करने की मांग

👉प्रतिनिधिमंडल ने BSP की टेलीफोन डायरेक्टरी में Executive कर्मचारियों के साथ Non-Executive कर्मचारियों के टेलीफोन नंबर भी शामिल करने का अनुरोध किया, जिससे कर्मचारियों के बीच आपसी संपर्क एवं कार्य संबंधी समन्वय अधिक सुगम हो सके। इस पर CGM (HR) ने वर्तमान आवश्यकताओं को देखते हुए इस दिशा में प्रयास एवं आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।


WoW Portal पर Leave सुविधा की अवधि में संशोधन

👉प्रतिनिधिमंडल ने WoW Portal पर उपलब्ध Leave सुविधा के अंतर्गत वर्तमान में तीन महीने में एक बार छुट्टी लेने के प्रावधान को संशोधित कर दो महीने में एक बार करने का अनुरोध किया। इस पर CGM (HR) ने बताया कि यह विषय कॉर्पोरेट स्तर से संबंधित है तथा इस संबंध में आगे चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


CGM (HR) ने सभी मुद्दों पर सुनी बात, आवश्यक कार्रवाई का दिया आश्वासन

👉बैठक के अंत में CGM (HR) श्री ओझा ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुना और प्रत्येक मुद्दे पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन, भिलाई ने कहा कि कर्मचारियों के हितों, अधिकारों, आर्थिक प्रोत्साहन, योग्यता के सम्मान एवं करियर विकास से जुड़े इन सभी विषयों के समाधान के लिए एसोसिएशन निरंतर प्रयासरत रहेगा। कर्मचारियों की मेहनत का सम्मान, योग्यता को प्रोत्साहन और उनके बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास ही डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन का संकल्प है।


अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई में दुकान-सह-आवास के अतिरिक्त निर्माण पर हर महीने जुर्माना वसूली से व्यापारी परेशान, दीपावली बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी!

रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *