इस्पात कोऑपरेटिव सेक्टर 6 सोसाइटी चुनाव - 9% गारंटी पैनल विज्ञापन

दीपावली पर पटाखा दुकानों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुआ दुर्ग प्रशासन, व्यापारियों को दिए सख्त निर्देश; जे.आर.डी. स्कूल मैदान का किया निरीक्षण

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी का पर्व है, लेकिन पटाखों की बिक्री के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
  • इसे देखते हुए दुर्ग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने अभी से सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं।
  • इसी कड़ी में पटाखा व्यापारियों की बैठक लेकर अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
  • बैठक के बाद अधिकारियों ने जे.आर.डी. स्कूल मैदान का संयुक्त निरीक्षण भी किया।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

कलेक्ट्रेट सभागार में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित

👉आगामी दीपावली पर्व के दौरान पटाखा दुकानों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 03.11.2026 को दुर्ग कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्नि सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दुर्ग श्री शोभराज अग्रवाल, एसडीएम दुर्ग श्री प्रफुल्ल गुप्ता, सीएसपी दुर्ग श्री देवांश सिंह राठौर, एसडीआरएफ के अधिकारी, नगर निगम दुर्ग के बाजार प्रबंधन अधिकारी, थाना प्रभारी दुर्ग सहित पटाखा व्यापारी उपस्थित रहे।


पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा से लेकर CCTV तक की व्यवस्था अनिवार्य

👉बैठक में अधिकारियों द्वारा पटाखा दुकानों के संचालन के दौरान अग्नि सुरक्षा, आम नागरिकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए गए। 

  • पटाखा दुकानों के आसपास किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग एवं भंडारण नहीं किया जाएगा।
  • आम नागरिकों की सुविधा के लिए पार्किंग की पृथक एवं व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
  • सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे।
  • प्रत्येक दुकान एवं परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सके।
  • पुलिस कंट्रोल रूम के लिए पृथक टेंट की व्यवस्था कर माइक उद्घोषणा एवं सीसीटीवी की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
  • प्रत्येक छह दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी एवं खाली स्थान रखा जाएगा, जिससे आपातकालीन स्थिति में आग पर नियंत्रण एवं बचाव कार्य में सुविधा हो।
  • प्रत्येक दुकान में रेत से भरी बाल्टी, पानी एवं अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहेंगे।
  • केवल वैध लाइसेंसधारी व्यापारी ही पटाखों की बिक्री करेंगे तथा लाइसेंस दुकान के सामने स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करेंगे।
  • सभी व्यापारी निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

👉अधिकारियों द्वारा व्यापारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि पटाखा बिक्री एवं भंडारण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित रखी जाएं। बैठक में उपस्थित व्यापारियों द्वारा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर सहमति व्यक्त की गई।

Join WhatsApp

जे.आर.डी. स्कूल मैदान का अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण

👉बैठक के पश्चात अधिकारियों एवं पटाखा व्यापारियों द्वारा संयुक्त रूप से जे.आर.डी. स्कूल मैदान का निरीक्षण किया गया तथा पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन, अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण का उद्देश्य पटाखा दुकानों के संचालन के लिए निर्धारित स्थल पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेना और दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना रहा।


दुर्ग पुलिस एवं जिला प्रशासन की आम नागरिकों से अपील

👉दुर्ग पुलिस एवं जिला प्रशासन आम नागरिकों एवं पटाखा व्यापारियों से अपील करता है कि दीपावली पर्व के दौरान पटाखों की खरीद-बिक्री एवं उपयोग करते समय निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। पटाखा दुकानों के आसपास भीड़ न लगाएं, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को सूचना दें। सभी व्यापारी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित दीपावली आयोजन में सहयोग करें।


अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई में आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की धूम, पोट्टी श्रीरामुलु को दी गई श्रद्धांजलि; पी. कन्नैया को मिला ‘संघ सेवा धुरिणी’ सम्मान!


Digital Bhilai News | भिलाई-दुर्ग की हर जरूरी खबर


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *