सिविक सेंटर होगा अतिक्रमण मुक्त! पार्किंग व्यवस्था में होंगे बड़े बदलाव
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई के हृदय स्थल सिविक सेंटर में शाम के समय लगने वाले जाम और बेतरतीब पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए यातायात पुलिस ने अब ठोस पहल शुरू कर दी है।
- जल्द ही सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
- पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों के साथ चर्चा कर पार्किंग व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलावों पर सहमति बनाई है।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
सिविक सेंटर की व्यवस्था सुधारने पुलिस ने शुरू की पहल
👉सिविक सेंटर को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित एवं सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन द्वारा पहल शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक श्री विजय अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल ने पुलिस टीम के साथ सिविक सेंटर का भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारीगण एवं आम नागरिकों के साथ यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की गई तथा विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। भिलाई इस्पात संयंत्र एवं नगर निगम की टीम के साथ सामंजस्य बिठाकर इन बिंदुओं पर कार्यवाही की जाएगी।
व्यवस्थित पार्किंग के लिए होंगे प्रमुख बदलाव
👉सिविक सेंटर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए सड़क के किनारे निर्धारित स्थानों पर कार एवं बाइक पार्किंग के लिए अलग-अलग बोर्ड लगाए जाएंगे। वाहनों को केवल सफेद पट्टी के अंदर ही पार्क करने की अनुमति होगी।
सफेद पट्टी के बाहर वाहन खड़ा करने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई एवं चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी दुकानदार अपनी तथा अपने कर्मचारियों की गाड़ियां दुकान के सामने सड़क पर पार्क न करते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ी करेंगे।
अवैध झाड़ियों एवं अनावश्यक पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कर संबंधित स्थानों पर व्हाइट पट्टी की मार्किंग की जाएगी, ताकि वाहनों को निर्धारित स्थान के भीतर सुव्यवस्थित तरीके से पार्क किया जा सके।
पार्किंग व्यवस्था संभालने गार्ड की होगी नियुक्ति
👉प्रत्येक दुकानदार आपसी सहमति से पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए गार्ड की नियुक्ति करेंगे। गार्ड आम जनता से वाहनों को निर्धारित स्थान पर सही तरीके से पार्क करने की अपील करेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य सिविक सेंटर में पार्किंग को व्यवस्थित करना और सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने की वजह से उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या को कम करना है।
अवैध दुकानों और अतिक्रमण पर भी होगी कार्रवाई
👉सिविक सेंटर क्षेत्र में संचालित अवैध दुकानों एवं अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ऐसे सभी उपयुक्त स्थान, जिन्हें पार्किंग के रूप में विकसित किया जा सकता है, उन्हें चिन्हित कर पार्किंग क्षेत्र के रूप में विकसित/घोषित किया जाएगा। इससे बाजार क्षेत्र में उपलब्ध पार्किंग स्थानों का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा और सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग को कम करने में मदद मिलेगी।
आम नागरिकों से पुलिस की अपील
👉पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जब भी सिविक सेंटर अथवा शहर के किसी अन्य स्थान पर जाएं, अपने वाहन को सफेद पट्टी के अंदर निर्धारित स्थान पर ही व्यवस्थित तरीके से पार्क करें। सड़क पर इधर-उधर अथवा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई नहीं, व्यवस्था में सुधार
👉पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कार्यवाही करना मात्र नहीं, बल्कि व्यापारियों, आम नागरिकों एवं प्रशासन के सहयोग से सिविक सेंटर को एक व्यवस्थित, अतिक्रमण मुक्त एवं सुगम यातायात वाला क्षेत्र बनाना है।
यदि पार्किंग व्यवस्था में तय नियमों का व्यापारी और आम नागरिक मिलकर पालन करते हैं, तो शाम के समय सिविक सेंटर में होने वाली जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
अगली खबर पढ़े 👉 सेल कर्मचारियों के मुद्दे: वर्षों से लंबित 40 से अधिक मांगों पर BAKS ने व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल!
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

