सेक्टर-06 सहकारी सोसायटी - 9% ब्याज दर

शिवमहापुराण कथा में पं. प्रदीप मिश्रा ने दिया ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ का संदेश, लाखों श्रद्धालुओं से साइबर जागृति अभियान से जुड़ने की अपील

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • भिलाई में चल रही शिवमहापुराण कथा के विशाल जनसमागम के बीच आध्यात्मिक संदेश के साथ साइबर सुरक्षा की जागरूकता भी लोगों तक पहुंचाई गई।
  • प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ विशेष साइबर जागृति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
  • उन्होंने OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

शिवमहापुराण कथा में साइबर सुरक्षा का संदेश

👉बोलबम सेवा समिति खुर्सीपार, भिलाई द्वारा दिनांक 17.08.2026 से 23.08.2026 तक जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले की शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

इसी क्रम में शिवमहापुराण कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने नागरिकों से अपना OTP, PIN, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहने की अपील की।


‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ अभियान से जुड़ने की अपील

👉पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ विशेष साइबर जागृति अभियान से जुड़ने के लिए भी श्रद्धालुओं को प्रेरित किया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा यह विशेष साइबर जागृति अभियान 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जारी QR Code को स्कैन कर अभियान से जुड़ने तथा अभियान कटआउट के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया एवं WhatsApp Status पर साझा करने की अपील की गई

Join WhatsApp

साइबर अपराधियों के तरीकों से रहें सतर्क

👉साइबर अपराधियों द्वारा सामान्यतः फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक, सोशल मीडिया संपर्क, फर्जी निवेश अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों से नागरिकों को विश्वास में लेकर गोपनीय जानकारी प्राप्त करने या आर्थिक ठगी करने का प्रयास किया जाता है। नागरिकों को ऐसे किसी भी संदिग्ध संपर्क पर प्रतिक्रिया देने से पहले सत्यापन करने की सलाह दी गई। विशेष रूप से अनजान व्यक्ति द्वारा मांगी गई बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की गई।


बड़े जनसमागम में पहुंचा साइबर जागरूकता का संदेश

👉शिवमहापुराण कथा जैसे बड़े जनसमागम के दौरान साइबर अपराध से बचाव का संदेश बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तक पहुंचाने तथा ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ अभियान को जनजागरूकता से जोड़ने में आयोजन समिति एवं संबंधित पुलिस टीम द्वारा आवश्यक समन्वय किया गया। धार्मिक आयोजन के मंच से साइबर सुरक्षा का संदेश दिए जाने से डिजिटल ठगी और ऑनलाइन अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के अभियान को व्यापक पहुंच मिलने की उम्मीद है।


दुर्ग पुलिस की अपील—OTP, PIN और पासवर्ड किसी से साझा न करें

👉दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि डिजिटल लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। अपना OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान कॉल पर विश्वास न करें। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ अभियान से जुड़कर साइबर जागरूकता का संदेश अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों तक पहुंचाएं। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

“आपकी एक छोटी पहल, किसी बड़े साइबर अपराध को रोक सकती है।” जय हिंद!


अगली खबर पढ़े 👉 फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र देकर रेंजर की नौकरी का झांसा, 8 लाख की धोखाधड़ी; भिलाई भट्ठी पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *