सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान को मिला सम्मान: ओए-बीएसपी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों का किया भव्य अभिनंदन

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रगति और उपलब्धियों के पीछे वर्षों तक योगदान देने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
  • प्रगति भवन, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित इस कार्यक्रम में मई 2026 में सेवानिवृत्त हुए अधिकारियों के दीर्घ सेवाकाल, समर्पण और संगठन के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उनका अभिनंदन किया गया।
  • कार्यक्रम भावनात्मक, प्रेरणादायक और सम्मानपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और संगठन की विभिन्न पहलों की सराहना की।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

सम्मान


प्रगति भवन में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

👉बी.एस.पी. आफिसर्स एसोसिएशन द्वारा मई 2026 माह में सेवानिवृत्त अधिकारियों के दीर्घ सेवा एवं उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मान समारोह का आयोजन प्रगति भवन, सिविक सेंटर, भिलाई में किया गया। इस कार्यक्रम में सेफी चेयरमेन एवं आफिसर्स एसोसएिशन के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार बंछोर सहित कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू, उपाध्यक्ष रेमी थॉमस, सचिव प्रहलाद मौर्या व अन्य उपस्थित थे।


इन अधिकारियों का हुआ सम्मान

👉इस सम्मान समारोह में मई 2026 माह में सेवानिवृत्त हुए श्री पी सुब्बा राव, सीजीएम (मार्केटिंग), श्री प्रसादी भोई, जीएम (ब्लास्ट फर्नेस), श्री मुजीब हुसैन, जीएम इंचार्ज (ईडीडी), श्री गुरमीत सिंह, जीएम (पी मिल), श्री आर आर ठाकुर, जीएम (पावर सिस्टम), श्री बिपीन कुमार, जीएम (आरसीएल), श्री प्रमोद कुशालचंद मेश्राम, जीएम (एसएमएस-2), श्री वी एस विनय कुमार, जीएम (आरएसएम), श्री जयदेव दास, जीएम (एसपी-2), श्री अनिंध्या दास, जीएम (ब्लास्ट फर्नेस – 8), श्री रितुराज बारले, डीजीएम (ओएचपी), श्री रेजी ओनोन्नी, डीजीएम (ब्लास्ट फर्नेस), श्री रणबीर पुन्न, एजीएम (टीएसडी), श्री आशीष कुमार दास, एजीएम (एसएमएस-2), श्री एजेकुमार लाहिरी, सीनियर मैनेजर (टीएसडी), श्रीमती अनिता श्रीकुमार, मैनेजर (एचआर-एलएंडडी), श्री दिलीप कुमार तिवारी, मैनेजर (सीएंडआईटी) का सम्मान किया गया।

Join WhatsApp

अभिनंदन पत्र एवं सम्मान राशि प्रदान कर किया गया सम्मानित

👉सम्मान समारोह में उपस्थित अधिकारियों तथा उनके जीवनसंगिनियों का आफिसर्स एसोसिएशन द्वारा अभिनंदन पत्र एवं सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त अधिकारीगण ने अपने सेवा काल के अविस्मरणीय क्षणों को साझा किया। उन्होंने ओए द्वारा किए गए सफल प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपील की।


“यह समारोह आपकी दीर्घ और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान है” : नरेंद्र कुमार बंछोर

👉समारोह के प्रारंभ में अपने स्वागत उद्बोधन में सेफी चेयरमेन एवं ओए अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार बंछोर ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को उनके स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा जो उपलब्धियां हासिल की गई हैं, उन उपलब्धियों को हासिल करने में आप जैसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों का अहम योगदान है।

👉उन्होंने कहा कि बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन सदैव ही अधिकारियों के मुद्दों के प्रति सजग रहा है और उन्हें बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास करता रहा है। जिसके फलस्वरूप सम्मानजनक पे-रिविजन, सेल पेंशन स्कीम को लागू करवाना, सेवानिवृत्त पर मिलने वाले अवकाश नगदीकरण की सीमा को 3 लाख से बढ़ाकर 25 लाख करना, 11 माह के पर्क्स एरियर्स का भुगतान, बेहतर पदनाम, भिलाई इस्पात संयंत्र की नई माइंस को चालू करवाने हेतु सहयोग तथा भिलाई को अवैध कब्जामुक्त करने जैसे अहम मुद्दों पर जमीनी संघर्ष करते हुए सफलता प्राप्त की गई है।


मेडिक्लेम सुविधाओं के विस्तार की मांग!

👉उन्होंने बताया कि सेल मेडिक्लेम की सुविधाओं में विस्तार हेतु सेफी द्वारा सेल प्रबंधन से अनुरोध किया गया है कि सेवानिवृत्त कार्मिकों को अन्य महारत्न कंपनियों द्वारा सेवानिवृत्ति के बाद दी जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं के समकक्ष सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।


ईपीएस-95 हायर पेंशन पर भी उठी आवाज!

👉श्री बंछोर ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के 04 नवम्बर 2022 के फैसले के अनुरूप कार्मिकों को हायर पेंशन का लाभ मिलना चाहिए था, लेकिन ईपीएफओ द्वारा जारी परिपत्रों की गलत व्याख्या के कारण अनेक पात्र कर्मचारियों को इस लाभ से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक कार्मिक के लिए न्यायालय जाना और कानूनी खर्च वहन करना संभव नहीं है। इसी कारण सेल की विभिन्न इकाइयों के पीएफ ट्रस्टों द्वारा ईपीएफओ के खिलाफ न्यायालय में चुनौती दी गई है। बीएसपी पीएफ ट्रस्ट द्वारा वर्तमान और सेवानिवृत्त दोनों प्रकार के कार्मिकों के हित में बिलासपुर उच्च न्यायालय में मामला दायर किया गया है, जिसकी सुनवाई अभी लंबित है। उन्होंने जानकारी दी कि सेल पीएफ ट्रस्ट सीएमओ, आरएमडी, डीएसपी एवं आईएसपी से संबंधित मामले की सुनवाई 22 जनवरी 2026 को कलकत्ता उच्च न्यायालय में हुई थी तथा 29 जनवरी 2026 को न्यायालय ने संबंधित पीएफ ट्रस्टों के पक्ष में निर्णय दिया। इससे सेल के हजारों सदस्यों को ईपीएस-95 हायर पेंशन मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भिलाई पीएफ ट्रस्ट के सदस्यों को भी बिलासपुर उच्च न्यायालय से शीघ्र न्याय मिलेगा।


सेवानिवृत्त अधिकारियों ने साझा किए अपने अनुभव

👉कार्यक्रम में सम्मानित अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और सेवा काल के अनुभव साझा किए। उन्होंने संगठन की विभिन्न पहलों की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों और अधिकारियों के हितों की रक्षा के लिए किए गए प्रयास सराहनीय हैं।


“सेवानिवृत्ति अंत नहीं, नए जीवन अध्याय की शुरुआत है” : सौभाग्य रंजन साहू

👉ओ.ए. कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का अवसर भावनाओं से परिपूर्ण है। एक ओर हम अपने सम्माननीय अधिकारियों को उनकी दीर्घ, समर्पित एवं गौरवपूर्ण सेवाओं के लिए सम्मानित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके कार्यकाल की अनगिनत स्मृतियों और योगदानों को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि कर्म, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता की एक जीवंत परंपरा है। इस परंपरा को मजबूत बनाने में हमारे सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा से संयंत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।सौभाग्य रंजन साहू ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए और सुखद अध्याय का शुभारंभ है। हमें विश्वास है कि आप सभी अपने अनुभवों और मूल्यों से समाज, परिवार तथा आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।


बड़ी संख्या में अधिकारी रहे मौजूद

👉कार्यक्रम का संचालन ओए जोनल प्रतिनिधि दिनेश मानिकपुरी एवं जितेन्द्र मानिकपुरी ने किया। कार्यक्रम में ओए जोनल प्रतिनिधि जी पी सोनी, मिलिंद बंसोड, श्रवण कुमार शुक्ला, विवेक सिंह चौहान, संदीप बोरकर, संजीव कुमार सोनी, आदित्य दुबे, एस के नागले, डॉ. मनीष देवांगन, एस सी साहू, सरोजन प्रसाद, विकास सिन्हा, रोहित सांगवान, महेन्द्र गुलाटी, एच एल सोनवानी, अलंकार भिवगड़े, थालेश सिन्हा, विनीत वर्मा, अंकुर राठौर, एम. विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण उपस्थित थे।


अगली खबर पढ़े 👉 BSP स्क्रैप चोरी कांड में छठा आरोपी गिरफ्तार, सांई एसोसिएट का सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता भेजा गया न्यायिक रिमांड पर


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *