सेक्टर-06 सहकारी सोसायटी - 9% ब्याज दर

मोदी के 25 साल के सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, बालोद में बनी अभियान की रणनीति!

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  •  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा अब उनके सेवा कार्यों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी में जुट गई है।
  • इसी कड़ी में बालोद के भाजपा जिला कार्यालय जुगेरा में ‘सेवा समर्पण एवं सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
  • बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान की रूपरेखा, जनभागीदारी और बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
  • आइए विस्तार से जानते है 👇

बालोद में भाजपा की जिला कार्यशाला, अभियान की बनी रूपरेखा

👉भाजपा जिला कार्यालय जुगेरा, बालोद में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और राष्ट्रगीत के साथ हुआ। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख और जिला प्रभारी संध्या परगनिहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस्पात कर्मचारी सोसायटी

कार्यशाला में यज्ञदत्त शर्मा, पवन साहू, राकेश छोटु यादव, सौरभ लुनिया, लेखराम साहू, वीरेंद्र साहू, तारणी चंद्राकर और नरेश यदु सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा समर्पण एवं सेवा संकल्प अभियान’

👉भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी सरल ऐप पर अपलोड की जाएगी, वहीं शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

Join WhatsApp

उन्होंने बताया कि शक्ति केंद्र प्रभारियों को कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी फोन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।


‘आशीर्वाद का दीया’ से बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान

👉प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि देश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसका जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल और इस दौरान देश में आए बदलावों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

वहीं सांसद विजय बघेल ने कहा कि बालोद आकर पुराने साथियों से मिलने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा समर्पण अभियान’ के माध्यम से शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत बूथ स्तर पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर प्रभारी नियुक्त कर कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।


स्कूली बच्चों को भी जोड़ा जाएगा, होंगी रचनात्मक प्रतियोगिताएं

👉अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को भी जोड़े जाने की योजना बनाई गई है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच ड्राइंग और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

भाजपा के अनुसार इन गतिविधियों के जरिए बच्चों में राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।


‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी हितग्राहियों की सफलता की कहानियां

👉अभियान का एक प्रमुख हिस्सा ‘कहानी बदलाव की’ होगा। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां और वीडियो तैयार किए जाएंगे।

इन कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया जाएगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र से ऐसी 10 सफलता की कहानियां तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य योजनाओं से हुए बदलाव को लाभार्थियों के अनुभवों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना है।


‘सेवा मेरा योगदान’ में जनभागीदारी पर जोर

👉कार्यशाला में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अंतर्गत स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर जनभागीदारी से सेवा कार्य किए जाएंगे।

इसके अलावा सेवानिवृत्त बुजुर्गों, स्थानीय कलाकारों और समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों को अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, बच्चों एवं माताओं की सहभागिता, बच्चों को मिठाई और फलों का वितरण तथा लाभार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र भेंट करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।


गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’

👉अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी निकाली जाएगी। इसके तहत गांव-गांव और जिला स्तर पर छोटी-छोटी यात्राओं का आयोजन किया जाएगा, जो आगे चलकर एक विशाल यात्रा का रूप लेंगी।

मशाल के माध्यम से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और अपने स्तर पर सेवा कार्य करने वाली टोलियों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया।


जिला स्तर पर बनेगी टीम, नोडल अधिकारियों से होगा समन्वय

👉कार्यशाला में बताया गया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर टीम गठित की जाएगी। शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रदेश संगठन से प्राप्त निर्देशों और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्यक्रमों की पूर्व सूचना स्थानीय नागरिकों को दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।


बालोद से बूथ तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी

👉भाजपा की इस कार्यशाला से स्पष्ट है कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान को केवल जिला या मंडल स्तर तक सीमित रखने के बजाय बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक ले जाने की रणनीति तैयार की गई है। सेवा कार्य, लाभार्थियों की सफलता की कहानियां, बच्चों की रचनात्मक गतिविधियां और जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों के जरिए संगठन अभियान को व्यापक जनसंपर्क अभियान का स्वरूप देने की तैयारी में है। कार्यक्रम के अंत में टिनेश्वर बघेल ने आभार व्यक्त किया।


अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई-3 में न्यायिक सुविधाओं का विस्तार, जिला एवं परिवार न्यायालय कैम्प कोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *