🚩 भिलाई इस्पात संयंत्र में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: रेल मिल में भव्य आयोजन, अयोध्या से कथा वाचक आमंत्रित
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) इस बार भी हर बार की तरह कार्मिकों द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरी तरह भक्ति और उत्साह के रंग में रंगने जा रहा है।
- संयंत्र के अलग-अलग विभागों में जहां पूजा-पाठ और भंडारे की तैयारियां चल रही हैं, वहीं रेल मिल में होने वाला आयोजन इस बार सबसे खास और भव्य माना जा रहा है।
- यहां न केवल बड़े स्तर पर भंडारा आयोजित होगा, बल्कि अयोध्या से आने वाले कथा वाचक द्वारा सुंदरकांड और कथा का भी विशेष आयोजन किया जा रहा है, जो इस आयोजन को ऐतिहासिक बना रहा है।
- आइए विस्तार से जानते हैं👇
रेल मिल में होगा सबसे बड़ा और विशेष आयोजन 🚩
भिलाई इस्पात संयंत्र के रेल मिल में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बनने जा रहा है। यहां पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुके इस आयोजन को लेकर तैयारियां कई दिनों से जोरों पर हैं। आयोजन स्थल को भगवा झंडों, कटआउट्स और सजावट से पूरी तरह सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आ रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक डीपी सिंह और उनकी पूरी टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन लगातार पांचवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है और इस बार भव्य भंडारा भी होगा। कार्यक्रम में लगभग 1500 से ज्यादा लोगों के लिए भंडारे के भोग की व्यवस्था की गई है। भंडारे में वेज पुलाव, पूरी, चना और आलू-मटर की सब्जी जैसे व्यंजन शामिल किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में समृद्ध भोजन मिल सके।
मंदिर स्थापना की खास कहानी🚩
👉रेल मिल में इस आयोजन के पीछे एक भावनात्मक और प्रेरणादायक कहानी भी जुड़ी हुई है। आयोजकों ने बताया यहां पहले जब कभी कोई हादसा होता था, तो चिंता और असुरक्षा का माहौल बना रहता था। ऐसे समय में कर्मियों ने मिलकर यहां भगवान हनुमान का मंदिर स्थापित किया और सुरक्षा व कल्याण की प्रार्थना शुरू की। धीरे-धीरे यह मंदिर आस्था का केंद्र बन गया और हर साल हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन शुरू किया गया। आज यह आयोजन न केवल धार्मिक कार्यक्रम बन चुका है, बल्कि कर्मचारियों के लिए मानसिक शक्ति और एकजुटता का प्रतीक भी बन गया है।
अयोध्या से आएंगे कथा वाचक, पहली बार होगा भव्य सुंदरकांड और हवन
इस बार के आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार हनुमानगढ़ी अयोध्या के महासचिव पहुंचकर यहां कथा और विधिवत पूजा-पाठ एवं हवन करेंगे। यह आयोजन भिलाई इस्पात संयंत्र के इतिहास में पहली बार इस स्तर पर आयोजित हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पूरे संयंत्र में गूंजेगी भक्ति, कई विभागों में भी आयोजन
हनुमान जन्मोत्सव का यह उत्सव केवल रेल मिल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे भिलाई इस्पात संयंत्र में अलग-अलग विभागों में भी भक्ति और सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न इकाइयों में पूजा, आरती और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा संयंत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आएगा। मर्चेंट मिल शिपिंग विभाग में भी हर साल की तरह इस बार भी आयोजन किया जा रहा है, जहां कार्मिकों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। इस तरह पूरे प्लांट में एक साथ कई स्थानों पर हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाना, इस आयोजन को और भी व्यापक बना देता है।
बड़े स्तर पर तैयारी, वीआईपी मेहमानों को भी आमंत्रण
👉आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए आयोजकों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ा टेंट, लगभग 40 से 50 कटआउट, दरी, छह माइक और दो साउंड सिस्टम लगाए गए हैं। इसके अलावा एक बड़ी टीम पूरे आयोजन को संभालने में जुटी हुई है, जो हर आने वाले अतिथि और श्रद्धालु का ध्यान रखेगी। इस कार्यक्रम के लिए संसद विजय बघेल, सेल (SAIL) के चेयरमैन, ईडी वर्क्स और सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। इससे यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और संस्थागत स्तर पर भी महत्वपूर्ण बन गया है। यह पूरा आयोजन BSP Workers Union के अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता के संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है, जिससे इसे मजबूत संगठनात्मक समर्थन भी प्राप्त है।
अगली खबर भी पढ़ें 👉 BSP कर्मियों के लिए जरूरी अपडेट: SESBF बैलेंस को लेकर फैली भ्रांति पर स्पष्टीकरण!
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

