ई-चालान का भुगतान अब घर बैठे करें, जानिए ऑनलाइन पेमेंट की पूरी प्रक्रिया!
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- वाहन चालकों को अब अपने ई-चालान का भुगतान करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है।
- यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए घर बैठे ऑनलाइन ई-चालान चेक करने और उसका भुगतान करने की प्रक्रिया की जानकारी साझा की है।
- वाहन चालक अपने मोबाइल से ही चालान की स्थिति जान सकते हैं और UPI, फोन-पे, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान कर सकते हैं।
- पुलिस ने इसके साथ ही ऑनलाइन भुगतान के दौरान फर्जी वेबसाइट और साइबर ठगी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की है।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
ई-चालान का भुगतान केवल आधिकारिक वेबसाइट पर करें
👉यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि ई-चालान का भुगतान केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। इसके लिए वाहन चालक https://echallan.parivahan.nic.in पर जाकर चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य वेबसाइट से चालान का भुगतान न करें। किसी भी व्हाट्सएप मैसेज, फर्जी लिंक, अनजान कॉल अथवा संदिग्ध मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करके अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
ई-चालान चेक करने एवं भुगतान करने की प्रक्रिया
👉यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बताई गई प्रक्रिया के अनुसार वाहन चालक निम्नलिखित चरणों में अपने ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर उसका भुगतान कर सकते हैं। –
1. गूगल पर ई-चालान सर्च करें
👉सबसे पहले अपने मोबाइल में Google खोलें और E-Challan टाइप करें। सर्च रिजल्ट में परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.nic.in पर क्लिक करें। वेबसाइट खुलने पर Pay Challan विकल्प पर क्लिक करें।
2. वाहन नंबर डालकर चालान की जानकारी प्राप्त करें
👉Pay Challan पेज पर ऊपर दिए गए वाहन (Vehicle) के आइकन पर क्लिक करें। निर्धारित स्थान पर अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। स्क्रीन पर दिखाई देने वाले CAPTCHA को उसी प्रकार (कैपिटल एवं स्मॉल अक्षरों सहित) भरें। इसके बाद Get Detail पर क्लिक करें। अब आपके वाहन पर दर्ज चालान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसमें चालान नंबर, चालान करने वाले विभाग, दिनांक एवं जुर्माने की राशि शामिल होगी।
3. ऑनलाइन चालान का भुगतान करें
👉जिस चालान का भुगतान करना है, उसके सामने दिए गए चेक बॉक्स पर क्लिक करें। इसके बाद Pay Now विकल्प पर क्लिक करें। Payment Gateway में उपलब्ध विकल्प का चयन कर Direct Payment पर क्लिक करें। I Accept Terms and Conditions पर टिक करके Submit करें। अब भुगतान के लिए UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड एवं नेट बैंकिंग जैसे विकल्प दिखाई देंगे। अपनी सुविधानुसार भुगतान का माध्यम चुनें। UPI के माध्यम से भुगतान करने पर QR Code स्कैन कर PhonePe, Google Pay अथवा किसी अन्य UPI ऐप से भुगतान कर सकते हैं।
4. भुगतान की रसीद डाउनलोड करें
👉सफल भुगतान के बाद स्क्रीन पर Successfully Received का संदेश दिखाई देगा। इसमें चालान नंबर, वाहन नंबर एवं भुगतान संबंधी विवरण उपलब्ध रहेगा। पेज को नीचे स्क्रॉल करने पर Generate/Print Receipt का विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक करके भुगतान की रसीद डाउनलोड करें अथवा उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।
फर्जी लिंक और साइबर ठगी से बचने की अपील
👉यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों को ऑनलाइन भुगतान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध मैसेज या व्हाट्सएप पर प्राप्त लिंक के माध्यम से चालान का भुगतान नहीं करना चाहिए। वाहन चालकों को केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करना चाहिए और किसी भी संदिग्ध वेबसाइट पर अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
यातायात पुलिस दुर्ग की वाहन चालकों से अपील
👉यातायात पुलिस दुर्ग सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि समय-समय पर अपने वाहन के ई-चालान की स्थिति की जांच करते रहें तथा लंबित चालानों का निर्धारित समय पर भुगतान करें। भुगतान के पश्चात रसीद अवश्य सुरक्षित रखें।
अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई के वार्ड 10 में 53.57 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, जी रोड से शीतला मंदिर तक चौड़ी होगी सड़क
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

