श्रीनगर में छत्तीसगढ़ की बेटियों का ऐतिहासिक जलवा! लगातार 11वीं बार फेडरेशन कप पर कब्जा, पुरुष टीम चौथे स्थान पर
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- जम्मू-कश्मीर की धरती पर आयोजित 16वीं महिला एवं 20वीं पुरुष फेडरेशन कप साइकिल पोलो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 11वीं बार विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
- फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने केरल को 11-5 गोल से पराजित कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। वहीं, पुरुष वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम चौथे स्थान पर रही।
- साइकिल पोलो फेडरेशन ऑफ इंडिया की एडहॉक कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व संयुक्त सचिव विनायक राव चन्नावार तथा भिलाई इस्पात संयंत्र ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव एवं बीएसपी साइकिल पोलो के अध्यक्ष परविंदर सिंह ग्रेवाल ने विज्ञप्ति जारी कर प्रतियोगिता की जानकारी दी।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
फाइनल में केरल को 11-5 से हराया
👉महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में छत्तीसगढ़ और केरल के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। छत्तीसगढ़ की ओर से पूनम ने सर्वाधिक 6 गोल, लक्ष्मी ने 4 गोल और इसीता ने 1 गोल कर टीम की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। फाइनल तक पहुंचने के सफर में भी छत्तीसगढ़ की बालिकाओं ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश को 13-1 गोल से पराजित किया, जबकि सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 19-0 गोल से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। लगातार 11वीं बार विजेता ट्रॉफी जीतना छत्तीसगढ़ में साइकिल पोलो की मजबूत परंपरा, खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रमाण है।
पुरुष टीम चौथे स्थान पर
👉पुरुष वर्ग में तीसरे और चौथे स्थान के लिए छत्तीसगढ़ तथा प्रादेशिक सेना की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित खेल के बाद टाईब्रेकर की स्थिति बनी, जिसमें प्रादेशिक सेना ने 7-6 गोल से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ की टीम को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
खिलाड़ियों का किया गया सम्मान
👉प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपलक्ष्य में साइकिल पोलो मैदान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो संघ के मुख्य संरक्षक विजय बघेल तथा भिलाई इस्पात संयंत्र ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेफी के चेयरमैन नरेंद्र बंछोर ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। सांसद विजय बघेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
छत्तीसगढ़ में साइकिल पोलो का भविष्य उज्ज्वल
👉छत्तीसगढ़ साइकिल पोलो एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने महिला टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि तथा पुरुष टीम के प्रदर्शन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवम भिलाई इस्पात संयंत्र ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव एवं बीएसपी साइकिल पोलो के अध्यक्ष परविंदर सिंह ग्रेवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने प्रदेश की खेल प्रतिभा और साइकिल पोलो की संभावनाओं को नई पहचान दी है। खिलाड़ियों की इस सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी तथा साइकिल पोलो के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, नरेंद्र बंछोर, सुधीर बंसल, परविंदर सिंह ग्रेवाल, विनायक राव चन्नावार, तोशेंद्र वर्मा, देव प्रकाश वर्मा, श्रीमती बीना मिश्रा, शशांक देशमुख, कुमारी आकांक्षा मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, निर्मल गड्डू, इशू पांडे तथा नीरज मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
अगली खबर पढ़े 👉 BSP की “QR 05 Safety Circle” का डबल धमाका! गोल्ड अवॉर्ड के साथ Knowledge Test में भी हासिल किया प्रथम स्थान
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

