सेक्टर-06 सहकारी सोसायटी - 9% ब्याज दर

ड्यूटी पर तैनात एनफोर्समेंट टीम पर हमला! बीएसपी वर्कर यूनियन ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • भिलाई इस्पात संयंत्र की संपत्तियों और टाउनशिप की सुरक्षा में तैनात एनफोर्समेंट विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर ड्यूटी के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
  • घटना की बीएसपी वर्कर यूनियन ने कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई और बीएसपी प्रबंधन से एनफोर्समेंट विभाग में पर्याप्त नियमित मैनपावर उपलब्ध कराने की मांग की है।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

बीएसपी वर्कर यूनियन ने बुलाई अर्जेंट बैठक

👉बीएसपी वर्कर यूनियन के अध्यक्ष श्री उज्जवल दत्ता के नेतृत्व में यूनियन कार्यकारिणी की एक अर्जेंट बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनफोर्समेंट विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर हुए हमले को अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक घटना बताते हुए सभी पदाधिकारियों ने इसकी कड़ी भर्त्सना की। यूनियन ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल सभी आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए सख्त सजा दिलाने की मांग की है।

इस्पात कर्मचारी सोसायटी

ड्यूटी के दौरान हमला बेहद गंभीर विषय : उज्जवल दत्ता

👉यूनियन अध्यक्ष श्री उज्जवल दत्ता ने कहा कि एनफोर्समेंट विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र एवं टाउनशिप की संपत्तियों की सुरक्षा तथा प्रबंधन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान उन पर इस प्रकार का प्राणघातक हमला होना बेहद गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद न हों।


क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई टाउनशिप के पंथी चौक के पास सड़क पर दुकान लगाने वाले कब्जेदारों को हटाने के लिए बीएसपी के एनफोर्समेंट विभाग की टीम ने कार्रवाई की थी। दिन में समझाइश के बाद शाम को टीम दोबारा स्थिति की जांच करने पहुंची, जहां विवाद बढ़ गया और टीम पर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान महिला गार्ड समेत एनफोर्समेंट विभाग के कर्मचारियों पर पत्थर फेंके गए। घटना में कर्मचारी कुतुबुद्दीन कुरैशी के सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कृंजन पांडेय को भी चोट लगने की जानकारी हैएनफोर्समेंट विभाग की ओर से घटना को लेकर थाने में एफआईआर के लिए तहरीर दी गई है।

Join WhatsApp

एनफोर्समेंट विभाग में मैनपावर की कमी पर उठाए सवाल

👉यूनियन ने कहा कि वर्तमान समय में एनफोर्समेंट विभाग में मैनपावर की कमी है। विभाग में कार्यरत कई नियमित कर्मचारियों को अन्य विभागों में स्थानांतरित कर दिए जाने के कारण एनफोर्समेंट विभाग पर कार्य का दबाव बढ़ा है। यूनियन के अनुसार पर्याप्त संख्या में नियमित बीएसपी कर्मचारियों का मैनपावर एवं सहयोग उपलब्ध नहीं होने से विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ रहा है।

यूनियन का मानना है कि यदि एनफोर्समेंट विभाग को पर्याप्त संख्या में नियमित बीएसपी कर्मचारियों का मैनपावर उपलब्ध नहीं कराया गया तो भविष्य में भी असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा इसी तरह की गंभीर घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।


रिटेंशन और लाइसेंस के तहत आवास नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया

👉यूनियन ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र में वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवा देने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद रिटेंशन एवं लाइसेंस के तहत मकान उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण टाउनशिप में आवास की समस्या बढ़ रही है। इसके चलते टाउनशिप के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जे की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जो भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।

यूनियन ने कहा कि एक ओर वर्षों तक बीएसपी की सेवा करने वाले कर्मचारियों को रिटेंशन एवं लाइसेंस के माध्यम से मकान उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर टाउनशिप में अवैध कब्जे बढ़ रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में एनफोर्समेंट विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर दबाव और जोखिम दोनों बढ़ रहे हैं।


टाउनशिप में अवैध कब्जों के स्थायी समाधान की मांग

👉यूनियन ने प्रबंधन से यह भी आग्रह किया कि कर्मचारियों को रिटेंशन एवं लाइसेंस के तहत मकान उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण टाउनशिप में हो रहे अवैध कब्जों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही वर्षों तक बीएसपी में निष्ठापूर्वक सेवा देने वाले कर्मचारियों के आवास संबंधी मामलों में मानवीय एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने की मांग की गई।


पर्याप्त नियमित मैनपावर और सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग

👉बीएसपी वर्कर यूनियन ने बीएसपी प्रबंधन से आग्रह किया है कि एनफोर्समेंट विभाग की वर्तमान स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विभाग में पर्याप्त संख्या में नियमित बीएसपी कर्मचारियों का मैनपावर तत्काल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक संसाधन एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।


दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

👉यूनियन ने पुलिस प्रशासन से भी मांग की है कि एनफोर्समेंट विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर हमला करने वाले सभी दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।


सुरक्षा से समझौता नहीं : बीएसपी वर्कर यूनियन

👉बीएसपी वर्कर यूनियन ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। एनफोर्समेंट विभाग को पर्याप्त नियमित मैनपावर एवं सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराना तथा टाउनशिप में अवैध कब्जों पर प्रभावी नियंत्रण करना प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए।


बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

👉बैठक में प्रमुख रूप से शिव बहादुर सिंह, दिलेश्वर राव, शेख मेहमूद, विमल कान्त पांडेय, मनोज डड़सेना, धनंजय कुमार गिरी, राजकुमार सिंह, संदीप सिंह, रवि शंकर सिंह, अभिषेक सिंह, प्रदीप सिंह, सुरेश सिंह, आलोक सिंह, डी.के. सिंह, कृष्णमूर्ति, लुमेश सहित यूनियन के अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

सभी सदस्यों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई तथा बीएसपी प्रबंधन से एनफोर्समेंट विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।


अगली खबर पढ़े 👉 BSP में 100 किलो कॉपर केबल चोरी का खेल! प्लांट से बाहर ले जाने से पहले 5 आरोपी गिरफ्तार, ₹80 हजार का माल जब्त


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *