भिलाई में पट्टा सर्वेक्षण की सूची जारी, दावा-आपत्ति के लिए कल तक मौका!
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई में शासकीय भूमि पर पट्टा प्राप्त करने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में किए गए पट्टा सर्वेक्षण के बाद पात्र और अपात्र हितग्राहियों की अनंतिम सूची जारी कर दी गई है।
- खास बात यह है कि सूची में नाम को लेकर किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति होने पर संबंधित हितग्राहियों को 10 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।
- ऐसे में संबंधित वार्डों के रहवासियों के लिए समय रहते सूची का अवलोकन करना बेहद जरूरी है।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
पट्टा सर्वेक्षण की अनंतिम पात्र-अपात्र सूची जारी
कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह के आदेशानुसार शासन के निर्देश पर नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में शासकीय भूमि पर पट्टा प्रदान करने के लिए सर्वेक्षण कार्य कराया गया। राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों द्वारा किए गए सर्वेक्षण के आधार पर जोन क्रमांक 01 एवं 02 में सर्वे कार्य पूर्ण कर पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों की अनंतिम सूची तैयार की गई है।
10 नवंबर तक यहां देख सकते हैं सूची
👉कलेक्टर द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार दिनांक 06 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक अनंतिम पात्र-अपात्र सूची तहसील कार्यालय तथा जोन क्रमांक 01 एवं 02 के कार्यालयों में चस्पा की गई है। इसके साथ ही जोन क्रमांक 01 के वार्ड क्रमांक 1, 3, 11, 12 एवं 13 तथा जोन क्रमांक 02 के वार्ड क्रमांक 14, 15, 21, 22 एवं 23 के सार्वजनिक स्थलों पर भी सूची प्रदर्शित की गई है, ताकि संबंधित हितग्राही इसका अवलोकन कर सकें।
07 से 10 नवंबर तक दावा-आपत्ति का अवसर
👉प्रदर्शित अनंतिम सूची के संबंध में 07 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। दावा-आपत्ति प्राप्त करने के लिए दोनों जोन कार्यालयों में कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। किसी प्रकार की जानकारी अथवा असुविधा होने पर निम्न अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
- जोन क्रमांक 01: सहायक राजस्व अधिकारी शशांक शेखर सिंह – मोबाइल 8823844832
- जोन क्रमांक 02: सहायक राजस्व अधिकारी अर्पित द्विवेदी – मोबाइल 8770695326
अंतिम सूची अभी नहीं, दावा-आपत्तियों के बाद होगा परीक्षण
👉निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में प्रदर्शित पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों की सूची अनंतिम है। यह सूची सर्वेक्षण दल द्वारा हितग्राहियों से प्राप्त जानकारी एवं उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के आधार पर तैयार की गई है। प्राप्त दावा-आपत्तियों एवं संलग्न दस्तावेजों का परीक्षण करने के उपरांत पात्रता के संबंध में संशोधित अंतिम सूची जारी की जाएगी।
दस्तावेज नहीं दिए तो पात्रता सूची से हट सकता है नाम
👉निगम प्रशासन ने संबंधित हितग्राहियों से अपील की है कि वे अनंतिम सूची का अनिवार्य रूप से अवलोकन करें तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित समयावधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें। साथ ही पट्टा प्राप्त करने की पात्रता से संबंधित सभी वांछित दस्तावेज अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने अथवा पात्रता की पुष्टि नहीं होने की स्थिति में संबंधित हितग्राही का नाम पात्रता सूची से हटाकर अपात्रता सूची में शामिल किया जा सकता है।
पट्टा प्राप्त करने की पात्रता का आधार
👉जानकारी के अनुसार पट्टा प्राप्त करने की पात्रता के लिए निम्न आधार बताए गए हैं:
- 2017 के पहले का प्रमाण: प्रॉपर्टी टैक्स, बिजली बिल अथवा निवास प्रमाण।
- मकान का क्षेत्रफल: 600 sqft से कम बने हुए मकान।
अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई में दुकान-सह-आवास के अतिरिक्त निर्माण पर हर महीने जुर्माना वसूली से व्यापारी परेशान, दीपावली बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी!
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

