15 सदस्यों से 79 तक पहुंची सियान जन कल्याण समिति, स्थापना दिवस पर सांसद विजय बघेल ने कहा- वरिष्ठजनों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- उम्र के साथ अनुभव बढ़ता है और यही अनुभव जब समाजसेवा से जुड़ता है तो नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन बन जाता है।
- दुर्ग के न्यू आदर्श नगर पोटिया में सियान जन कल्याण समिति का स्थापना दिवस समारोह इसी सोच और सामाजिक सरोकार के साथ उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
- कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने वरिष्ठजनों के अनुभव को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया।
- आइए विस्तार से जानते है 👇
स्थापना दिवस समारोह में जुटे वरिष्ठजन और क्षेत्रवासी
👉सियान जन कल्याण समिति, न्यू आदर्श नगर पोटिया, दुर्ग का स्थापना दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर अल्का वाघमर ने की। समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू, सचिव राकेश यादव, पार्षद अजय वर्मा एवं पार्षद सरिता साहू सहित समिति के सदस्य एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर श्यामलाल साहू ने “मैं विनती करता हूं मोर धरती मां” गीत प्रस्तुत कर समां बांधा।
15 सदस्यों से शुरू हुई समिति, अब 79 सदस्य
👉समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू ने कहा कि समिति की शुरुआत दो वर्ष पूर्व लगभग 15 सदस्यों से हुई थी और आज समिति में 79 सदस्य हैं। समिति का विधिवत पंजीयन हो चुका है।
समिति द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को कॉपी, पेन एवं पुस्तकें वितरित की गई हैं। माता तालाब में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही नशामुक्ति और सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हनुमान चालीसा पाठ जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने समिति के लिए भवन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि यदि उचित स्थान उपलब्ध हो जाए तो वरिष्ठजन अपने अनुभव का लाभ नई पीढ़ी को देते हुए कोचिंग क्लास एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां संचालित कर सकते हैं। समिति द्वारा आपसी सहयोग से लगभग दो लाख रुपये तक सामाजिक कार्यों में खर्च किए जा चुके हैं।
माता तालाब के अतिक्रमण और वरिष्ठजनों की भूमिका पर भी चर्चा
👉पार्षद अजय वर्मा ने कहा कि माता तालाब में अतिक्रमण के कारण इसकी स्थिति खराब हुई, लेकिन क्षेत्र के वरिष्ठजन समाज के लिए निरंतर अपना समय दे रहे हैं। सियान अपने अनुभव के साथ-साथ शिक्षा और संस्कार भी नई पीढ़ी को प्रदान कर रहे हैं। सरिता साहू ने वरिष्ठजनों की समस्याओं को रखते हुए समिति के लिए भवन की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद विजय बघेल बोले- वरिष्ठजनों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य
👉मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के बाद वरिष्ठजन अपने अनुभव और ज्ञान को समाजसेवा एवं रचनात्मक कार्यों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 15 सदस्यों से शुरू हुई समिति का एक वर्ष में 79 सदस्यों तक पहुंचना इसकी सक्रियता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
सांसद विजय बघेल ने समिति अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू के सामाजिक समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे दूसरों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य है और आध्यात्मिक, सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को इसका लाभ मिलेगा।
समिति के भवन के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास
👉सांसद विजय बघेल ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर संसद में क्षेत्र की जनता ने उन्हें भेजा है और वे जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समिति के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने तथा भवन निर्माण के प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी वरिष्ठजनों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
डॉ. कोमल सिंह सार्वा ने व्यक्त किया आभार
👉कार्यक्रम के अंत में डॉ. कोमल सिंह सार्वा ने आभार व्यक्त किया। समारोह में समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अगली खबर पढ़े 👉 सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानित होंगे BSP के अधिकारी, 29 अगस्त को ओए-बीएसपी करेगा विशेष समारोह
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

