ओए-बीएसपी ने प्रगति भवन में किया ध्वजारोहण, 10 हजार करोड़ रुपये लाभ के लक्ष्य को पूरा करने का आह्वान

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भिलाई में राष्ट्रभक्ति और औद्योगिक जिम्मेदारी का संदेश एक साथ देखने को मिला।
  • ऑफिसर्स एसोसिएशन, बीएसपी द्वारा प्रगति भवन, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में राष्ट्र निर्माण में भिलाई इस्पात संयंत्र की भूमिका को रेखांकित किया गया।
  • इस दौरान सेल की लाभप्रदता को 10 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य को सामूहिक प्रयासों से पूरा करने का आह्वान किया गया।
  • आइए विस्तार से जानते हैं 👇

ओए-बीएसपी द्वारा प्रगति भवन में ध्वजारोहण किया गया।

👉आफिसर्स एसोसिएशन, बीएसपी. भिलाई द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रगति भवन सिविक सेंटर भिलाई मे प्रातः 10.30 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ध्वजारोहण सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बन्छोर द्वारा किया गया।

इस्पात कर्मचारी सोसायटी

स्वतंत्रता को सुदृढ़ करने हेतु योगदान देने की जरूरत – बंछोर

👉सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बन्छोर ने अमर बलिदानियों का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि आज देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। हमारे पूर्वजों ने अपना सबकुछ बलिदान देकर यह स्वतंत्रता दिलाई है। अब हमें स्वतंत्रता को सुदृढ़ करने हेतु योगदान देने की जरूरत है। इस्पात बिरादरी सदैव ही देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दिया है।


दस हजार करोड़ रूपये लाभ की दें सौगात

👉श्री बंछोर ने सेल के सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा के इस वित्त वर्ष में सेल की लाभप्रदता 10000 करोड़ रूपये तक ले जाने के लक्ष्य के अनुरूप इस्पात बिरादरी से यह अपील की कि हम सब मिलकर 10000 करोड़ रूपये लाभ कमाने के संकल्प को अपने प्रयासों से पूर्ण करेंगे। हमारा यह प्रयास जहां देश को नई संबलता प्रदान करेगा, वहीं आने वाले वेज-रिविजन के बेहतर होने की संभावनाओं को भी पुष्ट करेगा। 10000 करोड़ रूपये की लाभ की सौगात स्वतंत्रता दिवस पर देश के लिए असली सौगात होगी। आइये हमसब मिलकर सुरक्षा व पर्यावरण को संरक्षित करते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित भाव से अपने प्रयासों को नई ऊंचाई दें।

Join WhatsApp

भिलाई इस्पात संयंत्र देश के औद्योगिक विकास की आधारशिला रहा है। इसके अधिकारी सदैव राष्ट्र निर्माण, उत्पादन उत्कृष्टता, तकनीकी नवाचार तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति समर्पित रहे हैं। मुझे विश्वास है कि हम सभी अपने ज्ञान, अनुभव एवं कर्मनिष्ठा से संयंत्र की प्रगति तथा देश की आत्मनिर्भरता को और अधिक सुदृढ़ बनाने में निरंतर योगदान देते रहेंगे।

मैं सभी अधिकारियों एवं उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ तथा कामना करता हूँ कि हमारा राष्ट्र निरंतर प्रगति, समृद्धि और विश्व में गौरव के नए कीर्तिमान स्थापित करे।


अधिकारियों के हितों के लिए समर्पित है ओए-बीएसपी

👉ओए-बीएसपी महासचिव श्री अंकुर मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर पर मैं सभी अधिकारियों एवं उनके परिवारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ। यह दिवस हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन, एकता और सेवा की भावना को और अधिक सशक्त करने की प्रेरणा देता है।

आफिसर्स एसोसिएशन, भिलाई इस्पात संयंत्र सदैव अधिकारियों के हितों की रक्षा, उनके कल्याण तथा संगठनात्मक एकजुटता के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमारा प्रयास है कि अधिकारियों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान हो तथा उनके सम्मान, सुरक्षा और कार्य-संतोष को सर्वाेच्च प्राथमिकता मिले। साथ ही हम सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रहित के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निरंतर निर्वहन करते रहेंगे।

आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि राष्ट्रहित सर्वाेपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे तथा भिलाई इस्पात संयंत्र को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में अपना सर्वाेत्तम योगदान देंगे। यही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम का संचालन ओए महासचिव अंकुर मिश्रा ने किया।


देशभक्ति गीतों का संगीतमय कार्यक्रम

👉ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात प्रगति भवन के सभागार में 3 एम म्यूजिकल द्वारा देशभक्ति गीतों से भरा संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह संगीतमय कार्यक्रम श्री ज्ञान चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित किया गया।

इस समारोह में ओए के सभी पदाधिकारी कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू, सेफी नामिनी अखिलेश मिश्रा, उपाध्यक्ष द्वय संतोष सिंह, रेमी थॉमस, सचिव प्रहलाद मौर्या एवं जोनल प्रतिनिधि एम.ए.आर. शरीफ, जीपी सोनी, एच एल सोनवानी, रोहित हरित, विरेन्द्र सिंह, विकास सिन्हा, दिनेश मानिकपुरी, सोमेश द्विवेदी, सुरेश चंद्र साहु, रोहित सांगवान, श्वेत कुमार मिश्रा, संजय कुमार तिवारी, संदीप बोरकर, संजीव सोनी, सुरेश कुमार नागले, विकास सिन्हा, मिलिंद बंसोड़, विवेक सिंह तथा परविन्दर सिंह सहित एक्स ओए अध्यक्ष एस आर दास, महासचिव जे.बी पाटिल, एवं ओए के सदस्यगण उपस्थित थे।


अगली खबर पढ़े 👉 शिव महापुराण कथा के लिए दुर्ग पुलिस का बड़ा सुरक्षा प्लान, 632 जवान संभालेंगे मोर्चा


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

One thought on “ओए-बीएसपी ने प्रगति भवन में किया ध्वजारोहण, 10 हजार करोड़ रुपये लाभ के लक्ष्य को पूरा करने का आह्वान”

  1. I’m really enjoying the variety of themes on ph666jili. It is a fun place to unwind after work and try my luck. The graphics are sharp and the gameplay is fluid.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *