BSP स्क्रैप चोरी कांड में छठा आरोपी गिरफ्तार, सांई एसोसिएट का सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

– DIGITAL BHILAI NEWS –

  • भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से संगठित रूप से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
  • इस बहुचर्चित मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
  • थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने सांई एसोसिएट के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
  • पुलिस के अनुसार घनश्याम गुप्ता चोरी के इस संगठित नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल था और मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह के निर्देश पर कार्य कर रहा था।
  • इस प्रकरण में पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब तक कुल छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
  • आइए विस्तार से जानते है 👇

पिछले 4-5 माह से चल रही थी संगठित चोरी

👉पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि सभी आरोपीगण संगठित रूप से पिछले 4-5 माह से भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट वाहनों में BSP के लोहे की चोरी कर रहे थे। मामले के मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह सहित अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है।


मुख्य आरोपी के निर्देश पर होती थी चोरी के स्क्रैप की लोडिंग

👉पुलिस के अनुसार मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह के निर्देश पर गिरफ्तार आरोपी घनश्याम गुप्ता द्वारा क्रेन के माध्यम से लोहे के स्क्रैप को फ्लू डस्ट परिवहन करने वाली गाड़ियों में लोड किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी किए गए स्क्रैप को व्यवस्थित रूप से परिवहन कर अन्य स्थानों तक पहुंचाया जा रहा था।


मुखबिर की सूचना पर हुआ था बड़ा खुलासा

👉मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 26.05.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा में ए.के. ट्रेडर्स प्लाट नंबर 18 ए/05 एच.आई.ए. हथखोज भिलाई फैब्रीकेशन वर्क्स एण्ड स्क्रैपडील में चेक करने पर हाईवा वाहन क्रमांक CG 04 QT 8797 में लोहे की प्लेट कटिंग एवं लोहे की बीम फ्लू डस्ट के साथ भरी हुई पाई गई। ट्रक क्रमांक CG 10 R 2004 में लोहे का प्लेट कटिंग भरा हुआ मिला तथा एक खाली हाईवा वाहन क्रमांक CG 08 AW 1475 अपनी लोहे की प्लेट एवं बीम खाली करके वहीं खड़ा पाया गया। इसके पास लोहे की प्लेट और बीम कटिंग फ्लू डस्ट के साथ ढेर में पाई गई तथा दूसरे ढेर में लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग अलग से रखी हुई मिली। इसके अतिरिक्त लोहे के सामानों को उठाने एवं लोड करके ले जाने के लिए एक खाली ट्रक क्रमांक CG 07 MB 2455, टाटा 1109 क्रमांक CG 07 CA 6977, एक टाटा एस क्रमांक CG 04 JB 9616 भी मौके पर पाया गया।

Join WhatsApp

भारी मशीनों की मदद से चल रहा था पूरा नेटवर्क

👉जांच के दौरान लोहा लोड करने के उपयोग में लाए जाने वाले एक जेसीबी क्रमांक CG 08 AY 8496, एक हाईड्रा क्रमांक CG 07 CW 8063 तथा एक बिना नंबर की चेन माउंटिंग मशीन भी बरामद की गई। इसके अलावा डस्ट छानने के लिए पांच लोहे की मशीनें भी मौके पर पाई गईं। पुलिस के अनुसार चेन माउंटिंग मशीन, जेसीबी एवं हाईड्रा का उपयोग डंप किए गए लोहे के प्लेट एवं बीम को वाहनों में लोड कर अन्यत्र भेजने के लिए किया जा रहा था।


250 टन लोहा और 3.22 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त

👉फ्लू डस्ट के वाहनों में BSP के लोहे की चोरी होना पाए जाने पर लोहे की प्लेट, लोहे की बीम कटिंग वजनी करीबन 250 टन, जिसकी कीमत करीबन 90 लाख रुपये आंकी गई, को जब्त किया गया। वहीं वाहनों समेत कुल मशरूका की कीमत लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में आरोपी चिंतानंद साहू, जितेश वर्मा, मिथेन ठाकुर, निर्मल सिंह एवं दिनांक 30-05-2026 को रवेन्द्र साहू को गिरफ्तार कर पूर्व में न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।


पूछताछ में घनश्याम गुप्ता ने स्वीकार की भूमिका

👉विवेचना के दौरान प्रकरण में संलिप्त सांई एसोसिएट के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता निवासी सेक्टर-1 भिलाई के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। पूछताछ में घनश्याम गुप्ता ने प्रकरण के मुख्य षड़यंत्रकर्ता एवं आरोपी संजय सिंह के कहने पर रवेन्द्र साहू एवं अन्य के साथ मिलकर मैग्नेटिक क्रेन के माध्यम से BSP के लोहे को चोरी कर फ्लू डस्ट के वाहनों में लोड किया जाना स्वीकार किया है।


अब तक छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

👉इस प्रकार प्रकरण में अब तक कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी लगातार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।


अगली खबर पढ़े 👉 भीषण गर्मी में पूरा हुआ जनगणना का पहला चरण, 831 प्रगणकों ने घर-घर पहुंचकर निभाई बड़ी जिम्मेदारी


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *