VDA संशोधन बनाम New Wage Code: जाने वेतन बढ़ोतरी को लेकर भ्रम की पूरी सच्चाई!
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- 01 अप्रैल 2026 से लागू हुए महंगाई भत्ता (Variable Dearness Allowance – VDA) संशोधन के बाद औद्योगिक क्षेत्रों, विशेषकर इस्पात और निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के बीच एक बड़ा भ्रम देखने को मिल रहा है।
- एक ओर जहां पहले यह उम्मीद जताई जा रही थी कि अप्रैल से नया वेज कोड लागू होगा और मजदूरों के वेतन में ₹4000 से ₹6000 तक की वृद्धि होगी, वहीं अब कई जगह यह प्रचारित किया जा रहा है कि केवल ₹9 की बढ़ोतरी ही वही “नया सेंट्रल वेज” है।
- इस पूरी स्थिति ने श्रमिकों को असमंजस में डाल दिया है। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि सरकारी दस्तावेज़, जमीनी बातचीत और वास्तविक स्थिति को जोड़कर पूरी तस्वीर स्पष्ट की जाए।
- आइये विस्तार से जानते है श्रमिक हित की ये पूरी खबर👇

सरकारी आदेश क्या कहता है—यहीं से समझिए पूरी सच्चाई
👉केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा 30 मार्च 2026 को जारी आदेश के अनुसार, 01 अप्रैल 2026 से केवल VDA में संशोधन किया गया है। यह संशोधन उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) में 413.52 से बढ़कर 424.80 होने के आधार पर किया गया, यानी 11.28 अंकों की वृद्धि के अनुरूप महंगाई भत्ता बढ़ाया गया है। इस आदेश में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि यह बढ़ोतरी महंगाई को संतुलित करने के लिए की गई एक नियमित प्रक्रिया है, जो हर वर्ष अप्रैल और अक्टूबर में लागू होती है। इसमें मूल वेतन दर (Basic Wage) में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है। यही वह तथ्य है जो पूरे भ्रम को समझने की कुंजी है। यह आदेश Code on Wages 2019 के अंतर्गत जारी किया गया है और इसमें साफ उल्लेख है कि यह संशोधित दरें अस्थायी हैं तथा केंद्र सरकार द्वारा नया वेतनमान लागू होते ही स्वतः समाप्त हो जाएंगी।

₹9 की बढ़ोतरी क्या है—और क्या नहीं है?
👉वर्तमान में जो ₹8 से ₹10 प्रतिदिन की बढ़ोतरी दिखाई दे रही है, वह केवल VDA का हिस्सा है। यह वही वृद्धि है जिसका उल्लेख जमीनी स्तर पर हो रही चर्चाओं में भी किया जा रहा है, जहां यह बताया जा रहा है कि हर साल अप्रैल और अक्टूबर में इस प्रकार की मामूली वृद्धि होती है। यह समझना बेहद जरूरी है कि यह ₹9 की बढ़ोतरी किसी भी तरह से “नए सेंट्रल वेज” का हिस्सा नहीं है। यह केवल महंगाई के आधार पर दिया गया एक अस्थायी समायोजन है। यदि इसे नए वेज कोड से जोड़कर देखा जाता है, तो यह तथ्यात्मक रूप से गलत निष्कर्ष होगा।
New Wage Code: जिस बड़े बदलाव का इंतजार अभी बाकी है
👉श्रमिकों के बीच पहले यह जानकारी दी गई थी कि 01 अप्रैल 2026 से नया वेज कोड लागू किया जाएगा, जिससे उन्हें सेंट्रल स्तर के अनुरूप वेतन मिलेगा और उनकी मासिक आय में ₹4000 से ₹6000 तक की वृद्धि हो सकती है। यह एक प्रस्तावित और व्यापक बदलाव है, जिसमें केवल भत्ता ही नहीं बल्कि पूरे वेतन ढांचे में परिवर्तन किया जाना है। हालांकि, वर्तमान स्थिति यह है कि यह नया वेतनमान अभी अंतिम चरण में है और उसमें कुछ तकनीकी एवं संरचनात्मक सुधार किए जा रहे हैं। प्रस्ताव को पुनः अनुमोदन के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा गया है और इसके लागू होने का इंतजार किया जा रहा है।
भ्रम कैसे फैला—और वास्तविकता क्या है
👉जमीनी स्तर पर जो वार्तालाप सामने आया है, उसमें यह साफ कहा गया है कि वर्तमान ₹9 की बढ़ोतरी का नए वेज कोड से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर यह प्रचारित किया जा रहा है कि यही नया वेतनमान लागू हुआ है और उससे केवल ₹9 की वृद्धि हुई है। यही वह बिंदु है जहां से श्रमिकों के बीच भ्रम और असंतोष पैदा हो रहा है। वास्तविकता यह है कि जिस ₹4000 से ₹6000 की संभावित वृद्धि की बात की जा रही थी, वह नए वेज कोड के लागू होने के बाद ही संभव है।
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज़

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

