भिलाई में ‘Steel Women Run 2026’ से गूंजा नारी शक्ति का उत्साह, BSP Officers’ Association ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कराया 2 किमी रन

– DIGITAL BHILAI NEWS – 

  • भिलाई में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 का आगाज इस बार बेहद खास और प्रेरणादायक अंदाज में हुआ।
  • भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित “Steel Women Run 2026” ने नारी शक्ति के उत्साह, आत्मविश्वास और टीम स्पिरिट को एक मंच पर ला दिया।
  • रविवार सुबह सिविक सेंटर स्थित प्रगति भवन परिसर में सैकड़ों महिला अधिकारियों ने 2 किलोमीटर की दौड़ में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
  • ढोल-नगाड़ों और तालियों की गूंज के बीच शुरू हुए इस कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को उत्सव में बदल दिया।
  • आइए विस्तार से जानते है कार्यक्रम के बारे में👇

Steel Women Run 2026


सुबह 6:30 बजे से शुरू हुआ उत्सव का माहौल –

👉रविवार सुबह लगभग 6:30 बजे से ही प्रगति भवन परिसर में हलचल शुरू हो गई थी। विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला अधिकारी बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल होने पहुंचीं। कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा सेशन के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ वार्म-अप किया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने 2 किलोमीटर की रन के लिए अपनी-अपनी पोजिशन ली और फ्लैग ऑफ का इंतजार करने लगीं। इस दौरान माहौल पूरी तरह उत्सवमय था। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

Bhilai Steel Plant

Join WhatsApp

मुख्य अतिथि ने फ्लैग ऑफ कर शुरू कराई दौड़ –

👉कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमओ (Medical & Health Services) डॉ. विनीता द्विवेदी और सेफी चेयरमेन व ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर ने किया। दोनों अतिथियों ने प्रतिभागियों के साथ गुलाबी गुब्बारे उड़ाकर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का प्रतीकात्मक आगाज किया और उसके बाद हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। जैसे ही फ्लैग ऑफ हुआ, तालियों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच महिला अधिकारी पूरे जोश के साथ दौड़ पड़ीं।

Women's day
Women’s day Bhilai

नरेन्द्र कुमार बंछोर ने बताया आयोजन का उद्देश्य –

👉कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर ने नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आप सभी हमारे अनुरोध पर इस कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाया है। मैं पूरे ओए बिरादरी की ओर से आपका अभिनंदन करता हूँ। श्री बंछोर ने इस आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस्पात बिरादरी में नारी सशक्तिकरण तथा उनके आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए ऐसे मंच की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ऑफिसर्स एसोसिएशन, बीएसपी ने इस आवश्यकता को साकार करते हुए सभी महिला अधिकारियों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आप सभी के सहयोग से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विविध कार्यक्रम एवं आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे। श्री बंछोर ने ओए-बीएसपी द्वारा महिलाओं के कल्याण तथा उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की संक्षिप्त जानकारी भी दी। साथ ही उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति ओए की प्रतिबद्धता को दोहराया।

👉उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यकारिणी समिति में भी 10 महिला अधिकारियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है। अंत में श्री बंछोर ने महिला अधिकारियों से आह्वान किया कि महिलाओं के सशक्तिकरण से संबंधित उनके सुझाव सादर आमंत्रित हैं।


नरेन्द्र कुमार बंछोर की पहल से शुरू हुई महिला दिवस मनाने की परम्परा!

👉तीन वर्ष पूर्व बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार बंछोर के पहल एवं नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की परम्परा की शुरूआत की गई थी। इस कड़ी में ओए द्वारा बीएसपी के महिला अधिकारियों के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें इसकी पहली कड़ी के रूप में प्रगति भवन में 02 कि.मी. “स्टील वूमेन रन 2026” का आयोजन किया गया जिसमें कार्यरत महिला अधिकारियों ने बड़े उत्साह से अपनी भागीदारी दी।

Officer association bsp women's day program


महिला सशक्तिकरण के लिए सराहनीय पहल: डॉ. विनीता द्विवेदी

👉कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. विनीता द्विवेदी ने महिला प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि ओए द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किया जा रहा यह प्रयास निश्चित ही प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऑफिसर्स एसोसिएशन, श्री बंछोर जी के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। डॉ. द्विवेदी ने महिला अधिकारियों से आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ आगे बढ़ें और बिना किसी संकोच के अपनी बातों को उचित मंचों पर रखें। उन्होंने महिला दिवस के इस भव्य आयोजन के लिए टीम ओए को बधाई दी तथा ओए की महिला टीम को इस सफल और उत्कृष्ट आयोजन के लिए विशेष रूप से शुभकामनाएँ दीं।


महिला अधिकारियों की ऊर्जा और आत्मविश्वास का उत्सव

👉ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अंकुर मिश्रा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर कहा कि बीएसपी की महिला अधिकारियों के सम्मान में ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित “स्टील वूमेन रन 2026” हमारे संगठन की महिला सशक्तिकरण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की यह दौड़ केवल एक खेल गतिविधि नहीं है, बल्कि यह उस आत्मविश्वास, साहस और नेतृत्व की ऊर्जा का उत्सव है, जिसे हमारी महिला अधिकारी प्रतिदिन अपने कार्यक्षेत्र में प्रदर्शित करती हैं। बीएसपी की महिला अधिकारी न केवल अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन कर रही हैं, बल्कि संगठन की प्रगति और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से उन्होंने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “स्टील वूमेन रन 2026” महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मबल और टीम स्पिरिट को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी महिला अधिकारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सशक्त भविष्य की कामना की।


बेहतरीन व्यवस्था और उत्साहपूर्ण भागीदारी

आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रतिभागियों के लिए फर्स्ट-एड और चिकित्सकों की व्यवस्था, दौड़ के बाद स्वल्पाहार की सुविधा, प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह। दौड़ के विजेताओं और प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।


महिला टीम ने निभाई आयोजन में अहम भूमिका –

👉इस पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में ऑफिसर्स एसोसिएशन की महिला प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें प्रमुख रूप से शामिल रहीं:

  • सुष्मिता पाटला
  • विनिता वर्मा
  • डॉ. तनुजा आनंद
  • डॉ. नीला
  • नीरजा शर्मा
  • के. संगीता
  • पारूल दिवान
  • हिमानी
  • भूमिका वर्मा, कार्यक्रम का संचालन OA जोनल प्रतिनिधि सुष्मिता पाटला ने किया।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी रहे उपस्थित

👉इस अवसर पर ऑफिसर्स एसोसिएशन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल थे:

  • अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर
  • महासचिव अंकुर मिश्रा
  • कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू
  • सेफी नामिनी अखिलेश मिश्रा
  • उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह और रेमी थॉमस
  • सचिव प्रहलाद मौर्या और अनु पी
  • जोनल प्रतिनिधि एम. ए. आर. शरीफ, निमेश गुप्ता, सुरेश चंद्र साहू, रोहित हरित, विकास सिन्हा सहित अन्य सदस्य

भिलाई में नारी शक्ति का प्रेरणादायक संदेश –

👉“Steel Women Run 2026” ने यह साबित कर दिया कि भिलाई इस्पात संयंत्र की महिलाएं न केवल अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे रही हैं, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी प्रेरणा बन रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम नारी शक्ति, एकता और आत्मविश्वास का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।


अगली खबर पढ़े 👉 SESBF से NPS ट्रांजिशन पर BSP Workers Union की प्रतिक्रिया: स्वागत भी, सवाल भी


रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *