बच्चों ने संभाली सड़क सुरक्षा जागरूकता की कमान! ट्रैफिक पार्क में सीखे नियम, मम्मी-पापा से की खास अपील
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- सड़क सुरक्षा की सीख जब छोटे बच्चे देते हैं, तो उसका असर सीधे परिवार तक पहुंचता है।
- कुछ ऐसा ही संदेश दुर्ग में देखने को मिला, जहां डीपीएस रिसाली के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ट्रैफिक पार्क पहुंचकर यातायात नियमों की जानकारी ली।
- खास बात यह रही कि नियमों को सीखने के बाद बच्चों ने खुद अपने माता-पिता और आम नागरिकों से सुरक्षित वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की भावुक अपील की।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
ट्रैफिक पार्क में बच्चों ने सीखे यातायात के नियम
👉यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा 17 नवंबर 2026 को डीपीएस रिसाली के विद्यार्थियों के लिए ट्रैफिक पार्क का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतक, जेब्रा क्रॉसिंग और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों की व्यावहारिक जानकारी सरल एवं रोचक ढंग से दी गई।
हेलमेट से लेकर सीट बेल्ट तक, बच्चों को समझाया सुरक्षा का महत्व
👉शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना कितना जरूरी है। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और हमेशा सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की समझाइश दी गई।
बच्चों ने माता-पिता से की भावुक अपील
👉इस जागरूकता कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि बच्चों ने यातायात नियमों की जानकारी हासिल करने के बाद खुद सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनने की पहल की। विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता, परिजनों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। बच्चों ने अपने संदेश में कहा— “मम्मी-पापा, हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाना, कार में सीट बेल्ट लगाना, तेज रफ्तार से बचना और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात मत करना। सुरक्षित घर लौटना है, हमें आपका इंतजार है।” बच्चों की यह अपील सड़क सुरक्षा के प्रति एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि वाहन चलाते समय की गई छोटी-सी लापरवाही भी परिवार की खुशियों को प्रभावित कर सकती है।
परिवारों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना उद्देश्य
👉यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी पहल के तहत बच्चों को सड़क सुरक्षा की व्यावहारिक जानकारी देकर उन्हें अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक यातायात नियमों के पालन का संदेश पहुंचाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में समाज की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की यातायात नियमों के पालन की अपील
👉यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आयोजित इस शैक्षणिक पहल को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया गया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन में हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। तेज गति, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचें। साथ ही बच्चों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। सुरक्षित यातायात केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अगली खबर पढ़े 👉 BSP की लीज पॉलिसी पर व्यापारियों का कड़ा रुख, 25% प्रीमियम देने से इनकार; दिसंबर में भिलाई बंद की संभावना!
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

