सेक्टर-4 को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी में सेवानिवृत्त कर्मियों का सम्मान, आत्मीय विदाई समारोह में सदस्यों ने साझा किए संस्मरण
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए आर्थिक सहयोग और आत्मीयता का रिश्ता कितना महत्वपूर्ण होता है, इसकी झलक बीएसपी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी सेक्टर-4 के विदाई समारोह में देखने को मिली।
- समारोह में सेवानिवृत्त सदस्यों ने सोसायटी के साथ अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए इसकी कार्यप्रणाली, समय पर मिलने वाली सेवाओं और ऋण सुविधा की सराहना की।
- कई सदस्यों ने कहा कि सीपीएफ लोन के बाद आर्थिक जरूरतों के समय सोसायटी ने उन्हें सबसे बड़ा सहारा दिया।
सेवानिवृत्त सदस्यों को सम्मानित कर सौंपे गए अंतिम भुगतान के चेक
👉भिलाई इस्पात संयंत्र की सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले बीएसपी को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी सेक्टर-4 के सदस्यों को ससम्मान आत्मीय विदाई दी गई। इस विदाई समारोह में सोसाइटी के अध्यक्ष पूरन देवांगन ने सेवानिवृत्त हुए सदस्यों को सम्मानित किया और उन्हें उनके अंतिम भुगतान का चेक प्रदान किया। इस दौरान अध्यक्ष देवांगन ने कहा कि सोसाइटी की सेवाओं के प्रति हमारे सदस्यों की भावनाएं ही हमारे लिए सबसे बड़ा प्रमाण है। आयोजन में उपस्थित सदस्यों ने सोसाइटी के साथ अपने लंबे अनुभवों और कार्यप्रणाली की खुलकर प्रशंसा की।
सदस्यों ने साझा किए सोसायटी से जुड़े अपने अनुभव
👉समारोह के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए मशीन असेंबलिंग एंड रि-इंजीनियरिंग शॉप-I विभाग से सेवानिवृत्त सुशील कुमार गेडाम ने कहा कि चूंकि वे मशीन शॉप-1 में कार्यरत थे और यह सोसाइटी मशीन शॉप-1 की ही देन है, इसलिए सोसाइटी में आने पर ऐसा महसूस होता है जैसे वे अपने ही घर में आए हों। जल प्रबंधन विभाग से सेवानिवृत्त जी. चक्रधर ने कहा कि सेक्टर-4 सोसाइटी का परफॉर्मेंस हमेशा से बहुत अच्छा रहा है। आमसभा हो, लाभांश वितरण हो या सोसाइटी से संबंधित कोई भी कार्य हो, सूचनाएं हमेशा समय पर मिलती हैं। फाउंड्री एंड पैटर्न शॉप से अविनाश कुमार खरालकर ने कहा कि सेक्टर-4 सोसाइटी से बेहतर कोई दूसरी सोसाइटी नहीं है। उन्होंने अपने कई मित्रों को भी इस सोसाइटी से जोड़ा था और यहां ऋण लेने के लिए कभी भी अतिरिक्त खर्च या भागदौड़ नहीं करनी पड़ती।
सीपीएफ लोन के बाद आर्थिक जरूरतों में सोसायटी बनी सहारा
👉जनरल एस्टेब्लिशमेंट विभाग से सेवानिवृत्त लक्ष्मी चंद्र गुप्ता ने कहा कि सीपीएफ लोन के बाद किसी भी अन्य कार्य के लिए उन्हें केवल सोसाइटी से ही ऋण के रूप में आर्थिक सहयोग मिला। वायर रॉड मिल से सेवानिवृत्त अनुपमा कुमारी ने बताया कि जनरल शिफ्ट की ड्यूटी के बाद वे अंतिम समय में सोसाइटी आती थीं और उनके सभी कार्य तुरंत हो जाते थे। रिफ्रैक्ट्री मटेरियल प्लांट-I विभाग से सेवानिवृत्त अशोक कुमार हिरवानी ने कहा कि पहले वेतन कम होने के कारण लोगों को ऋण की बहुत आवश्यकता पड़ती थी। ऐसे में सीपीएफ लोन के बाद केवल यही सोसाइटी एकमात्र सहारा बचती थी, जो हर सुख-दुख में हमेशा काम आई।
बीएसपी के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कर्मी हुए शामिल
👉इस आत्मीय विदाई समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त होने वाले अन्य कर्मी भी शामिल रहे। इनमें मेडिकल विभाग से जितेन्द्र कुमार चावड़ा, स्टील मेल्टिंग शॉप-2 से हेमचंद कुर्रे, विजय भानु और शिव कुमार वर्मा, एआर शॉप से एल. सूर्यनारायण, आरएमपी-I से अशोक कुमार हिरवानी और एम. आदिनारायण, कोक ओवन एंड कोल केमिकल विभाग से राहुल सोनकाम्ले, रिसर्च एंड कंट्रोल लैब से ओम प्रकाश श्रीवास्तव, रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल से रामधार, ट्रांसपोर्ट एंड डीजल ऑर्गनाइजेशन से कोमल प्रसाद साहू, जल प्रबंधन विभाग से जी. चक्रधर, ब्लास्ट फर्नेस से उमाशंकर पैकरा, रिफैक्ट्रीज मटेरियल प्लांट-3 से दौलत राम मार्को, मशीन असेंबलिंग एंड रि-इंजीनियरिंग शॉप-I से तोमन लाल वर्मा, कांति लाल सिन्हा और सुशील कुमार गेडम, एचआरडीसी से शिव राजन, वायर रॉड मिल से अनुपमा कुमारी, जनरल एस्टेब्लिशमेंट से लक्ष्मी चंद्र गुप्ता, टीएसडी से राजेश कुमार शर्मा और सिंटर प्लांट-3 से अर्जुन सिंह भेड़िया शामिल हैं।
सोसायटी परिवार के पदाधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित
👉इस अवसर पर सोसाइटी परिवार से उपाध्यक्ष असमां परवीन, अशोक राठौर, संचालक मंडल सदस्य विपिन बंछोर, सतानंद चंद्राकर, शशिभूषण ठाकुर और नितिशा साहू तथा सोसायटी के कर्मियों में मैनेजर सुदीप बनर्जी, पिजुष कर, नारायण साहू एवं सुरेश कुमार सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे। मंच संचालन संचालक वेद प्रकाश सूर्यवंशी और आभार प्रदर्शन संचालक पुरुषोत्तम सिंह कंवर ने किया।
अगली खबर पढ़े 👉 भिलाई में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर: 85 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, OA-BSP की पहल की सराहना
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

