भिलाई में निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर: 85 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, OA-BSP की पहल की सराहना
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- आयुर्वेद के जरिए स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑफिसर्स एसोसिएशन, भिलाई इस्पात संयंत्र (OA-BSP) की ओर से एक सराहनीय पहल की गई।
- रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर में 85 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
- शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, उनके प्रबंधन और दैनिक जीवन में आयुर्वेद के महत्व के बारे में जानकारी दी।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
OA-BSP द्वारा निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
👉ऑफिसर्स एसोसिएशन, भिलाई इस्पात संयंत्र (OA-BSP), Ayurgenomics Welfare Foundation एवं Dr. Abhimanyu’s Ayurveda Multispecialty Hospital के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को निःशुल्क आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित इस शिविर में बीएसपी के अधिकारियों, कार्मिकों एवं भिलाई नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में 85 से अधिक लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद के माध्यम से जनसामान्य को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करना था। उल्लेखनीय है कि ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर विभिन्न जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है, जिन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं भिलाईवासियों का भरपूर सहयोग और सराहना प्राप्त होती रही है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दीं स्वास्थ्य सेवाएं
👉शिविर में Dr. Abhimanyu’s Ayurveda Multispecialty Hospital, रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. अविनाश बैस (BAMS, MD, CRAV Guru) ने जनरल मेडिसिन, डॉ. दामिनी साहू (BAMS) ने दर्द एवं पाइल्स प्रबंधन, डॉ. यशस्वी पटेल (BAMS) ने पंचकर्म परामर्श तथा डॉ. गौरव देवांगन ने जनरल मेडिसिन के क्षेत्र में परामर्श दिया।
चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, उनके प्रबंधन तथा दैनिक जीवन में आयुर्वेद को अपनाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही, स्वस्थ जीवनशैली, खानपान एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के संबंध में उपयोगी सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
नियमित स्वास्थ्य परीक्षण आवश्यक : एन.के. बंछोर
👉यह स्वास्थ्य शिविर सेफी चेयरमैन एवं OA-BSP अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार बंछोर के नेतृत्व तथा महासचिव श्री अंकुर मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री नरेंद्र कुमार बंछोर ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ती व्यस्तता के बीच नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और उचित चिकित्सकीय परामर्श से बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायता मिलती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिए गए सुझावों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
OA-BSP के महासचिव श्री अंकुर मिश्रा ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऑफिसर्स एसोसिएशन भविष्य में भी जनस्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
डॉ. अविनाश बैस ने अपने उद्बोधन में वर्तमान समय में आयुर्वेद की महत्ता एवं उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोगों से बचाव तथा समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से आयुर्वेद के सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
लाभार्थियों ने की पहल की सराहना
👉शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम का संचालन OA-BSP के उपाध्यक्ष श्री संतोष सिंह ने किया। इस अवसर पर सेफी चेयरमैन एवं OA-BSP अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार बंछोर, महासचिव श्री अंकुर मिश्रा, उपाध्यक्ष श्री संतोष सिंह, सचिव श्री प्रहलाद मौर्य, जोनल प्रतिनिधि श्री श्रवण कुमार शुक्ला एवं श्री सोमेश द्विवेदी, पूर्व OA अध्यक्ष श्री एस.आर. दास तथा पूर्व कर्मचारियों की ओर से श्री रामजसपाल, श्री मानकर, श्री डी.के. साहू, श्री राजेंद्र जोशी, श्री के.के. शर्मा, श्री पंसारी, श्री यशवंत साहू एवं श्री विकास पात्रों सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण एवं भिलाई नगरवासी उपस्थित रहे।
अगली खबर पढ़े 👉 BSP में शॉप फ्लोर पर मोबाइल इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई!
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

