दिल्ली PG बिल्डिंग हादसे में दुर्ग के युवराज की मौत! DU के छात्र की दर्दनाक कहानी; बहन पूछ रही- अब किसे बांधूंगी राखी?
– DIGITAL BHILAI NEWS –
- दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए 5 मंजिला बिल्डिंग हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
- इस हादसे में दुर्ग के 20 वर्षीय युवराज सोनी की भी मौत हो गई।
- युवराज दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र थे और सत्य निकेतन स्थित बॉयज PG में रहते थे।
- बेटे की मौत की खबर मिलते ही दुर्ग में उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
- आइए विस्तार से जानते हैं 👇
बहन अब किसे बांधेगी राखी?
👉युवराज सोनी परिवार के इकलौते बेटे और अपनी छोटी बहन के भाई थे। रक्षाबंधन पर बहन ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर खुशियां मनाई थीं। परिवार को युवराज से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन दिल्ली के इस दर्दनाक हादसे ने सब कुछ बिखेर दिया। युवराज की बहन कक्षा 9वीं में पढ़ती है। भाई की मौत के बाद वह गुम-सुम है और उसकी आंखों से आंसू निकलना बंद नहीं हो रहे हैं। बहन का सवाल परिवार के हर सदस्य को झकझोर रहा है—“मैं अब किसे राखी बांधूंगी?”
दिल्ली AIIMS ट्रामा सेंटर में रखा युवराज का शव
👉युवराज सोनी के शव को दिल्ली AIIMS ट्रामा सेंटर में रखा गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद दुर्ग प्रशासन ने दिल्ली में हर संभव मदद और युवराज के शव को दुर्ग लाने की व्यवस्था की बात कही है।
युवराज की मौत की खबर के बाद पूरा परिवार दिल्ली रवाना
👉युवराज दुर्ग के रहने वाले थे और दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के लिए वह दिल्ली के सत्य निकेतन स्थित बॉयज PG में रहते थे। युवराज की मौत की सूचना मिलने के बाद उनका पूरा परिवार दुर्ग से दिल्ली रवाना हो गया। युवराज घर में इकलौते बेटे थे। बेटे की मौत के बाद माता-पिता और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और युवराज के घर में ताला लटका है।
हादसे के बाद MCD अलर्ट, आसपास की बिल्डिंग खाली करने का नोटिस
👉दिल्ली PG हादसे के बाद प्रशासन भी अलर्ट हुआ है। MCD ने बिल्डिंग के आसपास की इमारतों को खाली कराने के निर्देश जारी किए हैं। इन इमारतों को जर्जर और खतरनाक हालत में बताते हुए खाली कराने के लिए कहा गया है।
बिल्डिंग गिरने का 20 सेकंड का CCTV वीडियो सामने आया
👉इस घटना से जुड़ा बिल्डिंग गिरते हुए 20 सेकंड का CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक व्यक्ति गेट के बाहर बैठा दिखाई देता है। जैसे ही बिल्डिंग गिरती है, वह व्यक्ति वहां से भागता हुआ दिखाई देता है। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब यह हादसा हुआ, उस समय PG में कई स्टूडेंट्स मौजूद थे। 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। 5 लोगों की मौत हो गई। बिल्डिंग मालिक हरिराम के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
मलबे के अंदर से स्टूडेंट्स ने फोन कर मांगी मदद
👉बिल्डिंग गिरने के बाद कई लोग और स्टूडेंट्स मलबे के अंदर दब गए थे। मलबे में फंसे लोगों ने फोन करके मदद मांगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
PG का नाम था हॉस्टल डेज
👉जिस बिल्डिंग में PG संचालित हो रहा था, उसका नाम हॉस्टल डेज था। रविवार को छुट्टी होने के कारण ज्यादातर स्टूडेंट्स अपने कमरों में मौजूद थे। बिल्डिंग गिरने के करीब 15 मिनट बाद फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई थी।
बिल्डिंग गिरने की संभावित वजह क्या थी?
👉बिल्डिंग गिरने की संभावित वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं। बताया गया है कि बिल्डिंग के नीचे बेसमेंट बनाने का काम चल रहा था। खुदाई से नींव पर दबाव पड़ा और बिल्डिंग गिर गई। इसके अलावा यह भी बताया जा रहा है कि पिलर कमजोर हो गए थे, इसलिए बिल्डिंग गिर गई। बिल्डिंग की नींव पहले से कमजोर होने और निर्माण के दौरान अतिरिक्त दबाव पड़ने की बात भी सामने आई है।
हादसे पर गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख
👉दिल्ली बिल्डिंग हादसे पर गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया। हादसे की खबर सुनते ही उन्होंने गोवा में प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को रुकवा दिया। दिल्ली के इस हादसे ने जहां कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं दुर्ग के युवराज सोनी की मौत ने उनके परिवार और पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। दुर्ग के एक परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया और एक छोटी बहन ने अपना भाई।
अगली खबर पढ़े 👉 हाईटेक अस्पताल में 32 लाख का गबन! कैशियर गिरफ्तार! पढ़े पूरी खबर –
रिपोर्ट : डिजिटल भिलाई न्यूज

K.D. एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और वेब स्ट्रैटेजिस्ट हैं, जिन्हें वेब मीडिया, लोकल अफेयर्स में कई वर्षों का अनुभव है। वे स्टील इंडस्ट्री, पब्लिक सेक्टर कंपनियों, कर्मचारियों की नीतियों (NPS, EPFO, PRP, Leave Policy) और छत्तीसगढ़ से जुड़ी औद्योगिक खबरों को सरल और भरोसेमंद अंदाज़ में प्रस्तुत करते हैं। Digital Bhilai News का उद्देश्य है — औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक और जमीनी रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों को मूल्यवान जानकारी देना। हमारी लेखन शैली रिसर्च-आधारित और विश्लेषणात्मक होती है, जिससे हर खबर में डेटा, पृष्ठभूमि और असर दोनों शामिल रहते हैं। हम भिलाई और विभिन्न संयंत्र से जुड़ी श्रमिकों-कर्मियों के साथ हो रहे अन्याय आदि की खबरें तथ्यों, विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल दृष्टिकोण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे है।

